-तैयारियां तेज, लाखों की भागीदारी से बनेगा ऐतिहासिक जन उत्सव
-विधायक ने जनसभा की तैयारियों की समीक्षा, एयरपोर्ट का किया निरीक्षण
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। जेवर के नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लोकार्पण की तिथि तय हो गई है। 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस विश्वस्तरीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। यह ऐतिहासिक अवसर केवल एक हवाई अड्डे के उद्घाटन तक सीमित नहीं, बल्कि “नए उत्तर प्रदेश” की उड़ान और भारत की बढ़ती वैश्विक शक्ति का सशक्त प्रतीक होगा।
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन को भव्य एवं जन-जन की भागीदारी वाला उत्सव बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।” इसी क्रम में आज उन्होंने कस्बा जेवर में आसपास के अनेक ग्रामों के सम्मानित नागरिकों, किसानों एवं ग्राम प्रधानों के साथ एक बैठक की, जिसमें माननीय प्रधानमंत्री जी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक जनसभा नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के गौरव, सम्मान और भविष्य से जुड़ा जन-उत्सव है। जेवर के विधायक ने सभी ग्रामवासियों से आह्वान किया कि “आप अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में हिस्सा लेकर इसे ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनाएं।” बैठक के दौरान रैली की व्यवस्थाओं, यातायात, सुरक्षा, जनसुविधाओं एवं ग्राम स्तर पर व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।
बैठक के उपरांत विधायक धीरेंद्र सिंह ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माणाधीन स्थल का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित लोगों से वार्ता कर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कार्यक्रम की समीक्षा की। इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्र के किसान भाइयों के योगदान को स्मरण करते हुए भावुक शब्दों में कहा मैं अपने उन सभी किसान भाइयों को हृदय से नमन करता हूं, जिन्होंने राष्ट्रहित में अपनी अमूल्य भूमि समर्पित कर, इस हवाई अड्डे को संभव बनाया। उनका त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम अत्यंत भव्य एवं ऐतिहासिक होगा, जिसमें लाखों लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि यह आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। वहीं, हिमाचल और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा ने जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के साथ नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का भ्रमण किया। कहा कि “नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की भव्यता देखकर बहुत अच्छा लगा। प्रदेश की अर्थव्यवस्था में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट मील का पत्थर साबित होगा।

सीईओ, यीडा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को प्रस्तावित है। एयरपोर्ट के शुरू होने से औद्योगिक विकास में तेजी आएगी। यात्री उड़ानों के अलावा कार्गो से माल ढुलाई भी तेजी से पूरी दुनिया में हो सकेगी। इस एयरपोर्ट के यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी के डोरस्टेप पर होने के कारण येडा दुनिया भर के निवेशको के लिए सबसे सुरक्षित और सुविधाजनक गंतव्य बनकर उभरेगा। सेमी कंडक्टर पार्क और ऑटोमोबाइल सेक्टर के अलावा मेडिकल डिवाइस पार्क में भी कंपनियों को जमीन उपलब्ध कराई जा रही है। उद्योगों को क्रियाशील करने के लिए निर्माण भी यहां तेजी से शुरू हुए हैं। अंतर्राष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखते हुए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर यमुना सिटी में विकसित किया जा रहा है। इससे औद्योगिक विकास का एक बेहतर ईको सिस्टम तैयार हो रहा है।
-राकेश कुमार सिंह
सीईओ, यीडा

















