नगर निगम मुख्यालय में ‘संभव’ जनसुनवाई, 9 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में सुनी गईं समस्याएं, कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
-हाउस टैक्स, अतिक्रमण और निर्माण से जुड़ी शिकायतें प्रमुख, मौके पर टीम भेजकर शुरू हुआ समाधान
-शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिक, अधिकारियों को दीं समस्याएं; मॉनिटरिंग मजबूत करने के निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को ‘संभव’ कार्यक्रम के अंतर्गत जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने स्वयं उपस्थित होकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिससे मौके पर ही समस्याओं के समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकी। कार्यक्रम के दौरान अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, उद्यान विभाग के प्रभारी डॉ. अनुज, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एस. के. राय, प्रकाश विभाग के प्रभारी आश कुमार, निर्माण विभाग से एस. पी. मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों की मौजूदगी के कारण शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लिया गया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान कुल 9 संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें निर्माण विभाग से 2, उद्यान विभाग से 1, संपत्ति विभाग से 1, टैक्स विभाग से 2, अतिक्रमण से संबंधित 2 और अन्य विभागों से 1 शिकायत शामिल रही। नगर आयुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही टीम भेजकर समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। विशेष रूप से हाउस टैक्स से जुड़े दो मामलों पर तत्काल जांच के निर्देश दिए गए और अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी। नगर आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव को निर्देशित किया कि सभी प्राप्त शिकायतों का गुणवत्ता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

साथ ही, उन्होंने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और समयबद्ध समाधान करना है। इस जनसुनवाई में शहर के विभिन्न क्षेत्रों-वसुंधरा, सेक्टर-23, संजय नगर, न्यू आर्य नगर, शिबनपुरा, साहिबाबाद, गोविंदपुरम और विजयनगर से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इनमें सड़क, सफाई, जल निकासी, हाउस टैक्स, अतिक्रमण और पार्कों के रखरखाव से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से शामिल थीं। नागरिकों ने अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अधिकारियों से उम्मीद जताई और नगर निगम की इस पहल की सराहना भी की। वहीं, अधिकारियों ने भी आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का समाधान तय समयसीमा के भीतर किया जाएगा।

नगर आयुक्त ने कहा कि ‘संभव’ कार्यक्रम नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए लोगों की समस्याओं को सीधे सुना और समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से न केवल पारदर्शिता बढ़ती है, बल्कि प्रशासन की जवाबदेही भी सुनिश्चित होती है। समग्र रूप से यह जनसुनवाई कार्यक्रम शहरवासियों के लिए राहत भरा साबित हुआ, जहां उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके समाधान के लिए तत्काल कदम उठाए गए। नगर निगम प्रशासन ने भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प दोहराया।