फिल्म सिटी परियोजना को लेकर आज होगी प्री-बिड मीटिंग

– औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह की मौजूदगी में होगी बैठक शामिल होंगे फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज

उदय भूमि ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। फिल्म सिटी प्रोजेक्ट को लेकर बृहस्पतिवार को यमुना प्राधिकरण बोर्ड रूम में प्री-बिड मीटिंग होगी। प्री बिड मीटिंग में 15 कंपनियां भाग लेंगी। इसमें शामिल होने वाली कंपनियां अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगी। अगर जरूरत महसूस हुई तो प्राधिकरण इन सुझावों को टेंडर शर्तों में शामिल कर सकता है।
यमुना प्राधिकरण ने सेक्टर-21 में एक हजार एकड़ में फिल्म सिटी विकसित करने की योजना बनाई है। इसके लिए दो बार ग्लोबल टेंडर निकाले गए, लेकिन फिल्म सिटी के विकास के लिए कोई कंपनी आगे नहीं आई। इसके बाद टेंडर शर्तों में कई संशोधन किए गए। अब परियोजना का पहला चरण 230 एकड़ में विकसित होगा। इसमें 1510 करोड़ रुपये की निवेश होगा। इसमें 30 नवंबर तक टेंडर जमा हो सकेंगे। तकनीकी निविदा पांच दिसंबर को खोली जाएगी। गुरुवार को इसकी प्री बिड मीटिंग होगी।

यमुना प्राधिकरण में होने वाली प्री बिड मीटिंग में औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह भी शिरकत करेंगे। इसमें 15 कंपनियों ने भाग लेने की सहमति दे दी है। इसमें कंपनियों अपनी आपत्तियां एवं सुझाव देंगी। गुरुवार को प्री बिड मीटिंग में आने वाली कंपनियों में बालीवुड की हस्तियों की कंपनियां भी शामिल हैं। इसमें केसी बोकाड़िया, मोहिंदर वालिया, काउंटी, माइक बर्नी, ओमेक्स, भूटानी, मैडॉक फिल्म्स, दुबई बेस्ट मीडिया आॅपरेटर, बोनी कपूर, मारवाह स्टूडियो, टी सीरीज, अक्षय कुमार व कंगना रानौत, राकेश रोशन फिलम्स आदि शामिल हैं। इसके अलावा कुछ बड़ी फिल्मी हस्तियां भी इसमें शामिल होंगी। इसमें कई लोग कंर्सोसिएम बनाकर आएंगे।