-नगर निगम की कार्यवाही से बैठक में औद्योगिक बंधु दिखे संतुष्ट, निर्माण विभाग के कार्यों की प्रशंसा
गाजियाबाद। पेड़ पौधे इंसान के लिए उतने ही जरूरी हैं। जितने हवा और पानी समाज को पर्याप्त अधिकार और संसाधन सम्पन्न बनाना जरुरी है। कोई भी नीति या नियम प्रभावी परिणाम तभी देता है जब समाज की सहभागिता उसमें हो। पर्यावरण ऐसा मामला है जिससे जीवन सीधे जुड़ा हुआ है। उक्त बातें बुधवार को निगम सभागार में उद्योग बंधुओं के साथ बैठक करते हुए म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहीं। बैठक में यू.पी. सीडा डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज श्रीनाथ पासवान, जल निगम, नगर निगम एवं पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अधिकारी उपस्थित रहे। एजेंडा के अनुसार 39 बिंदुओं पर चर्चा हुई। बैठक में उद्योग बंधुओं ने नगर निगम द्वारा वर्तमान में किए जा रहे कार्यों की सराहनी की। शहर के औद्योगिक क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की भी प्रशंसा की गई। हटाये जा रहे अवैध अतिक्रमण पर भी संतुष्टि दिखाई गई।
उद्योग बंधुओ ने म्युनिसिपल कमिश्नर से सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने का विषय रखा और प्रकाश व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की। जिस पर म्युनिसिपल कमिश्नर ने उपस्थित जनों को लाइट के हुए टेंडर के विषय में अवगत कराया, साथ ही कूड़ा उठाने के लिए गाडिय़ों की संख्या बढ़ाने के बारे में भी अवगत कराया। बैठक में उद्योग बंधुओ ने ग्रीन बेल्ट तथा पार्कों की स्थिति में सुधार होने पर धन्यवाद जताया। म्युनिसिपल कमिश्नर ने पर्यावरण सुधार को लेकर समस्त इंडस्ट्रियल एसोसिएशन से आए पदाधिकारी से विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए चर्चा की। जिसमें समस्त उद्योग बंधुओ से अपनी-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए कहा गया, पर्यावरण सुधार पर बेहतर कार्य करने के लिए निर्णय लेते हुए पौधारोपण करने के लिए उत्साहित किया गया। म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा उद्योग क्षेत्र में अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने से काफी हद तक वायु प्रदूषण की स्थिति से निपटा जा सकता है।
नगर निगम द्वारा शहर की सौंदर्यकरण एवं वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए कार्यवाही की जा रही है। जिसमें उद्योग बंधुओं का सहयोग भी बहुत जरुरी है। निर्माण विभाग द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में 15 वित्त व अन्य योजना से सड़कों की मरम्मत का कार्य कराया, जिसकी प्रशंसा भी की गई। औद्योगिक क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को लेकर उद्योग बंधु संतुष्टि दिखाई दिए। बैठक में म्युनिसिपल कमिश्नर ने सभी औद्योगिक क्षेत्र से टैक्स वसूली को लेकर कहा, जिनके द्वारा शत प्रतिशत टैक्स जमा कराया गया है उनकी सराहना भी की गई। बैठक में सीटीओ डॉ. संजीव सिन्हा, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर देशराज सिंह, कविनगर जोनल प्रभारी सुनील राय, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर जैदी, विजय नगर जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी, साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया, बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया व अन्य संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित रहे।


















