-धार्मिक अनुष्ठानों के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों की मिली जिम्मेदारी
गाजियाबाद। 22 जनवरी को लेकर पूरे देश में उत्साह है, वही व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी अधिकारियों पर है। इसी क्रम में नगर निगम अधिकारियों को भी व्यवस्था बनाए रखना की निर्देश दिए गए है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा समस्त विभागीय अधिकारियों की प्रगति को परखा जा रहा है। शनिवार को नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य विभाग और प्रकाश विभाग को बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने धार्मिक स्थलों के आसपास सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए टीम बढ़ाने के भी निर्देश दिए। महोत्सव के इस माहौल में कई स्थानों पर धार्मिक आयोजन भंडारे इत्यादि होंगे। जिसके लिए आयोजन के पूर्व और आयोजन के बाद सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए, जिसके लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार को निर्देश दिए गए।
नगर निगम के सभी जोनल कार्यालय, मुख्यालय के साथ-साथ अन्य सार्वजनिक स्थान पर भी प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने और आवश्यकता अनुसार रंग बिरंगी लडियां लगाने के निर्देश प्रभारी प्रकाश आस कुमार को दिए गए। नगर निगम सीमा अंतर्गत कई शोभा यात्राएं भी निकलेगी। जिसमें मुख्य मार्ग पर किसी प्रकार की व्यवस्था खराब ना हो, गड्ढे ना हो, साथ ही मंदिरों में आवश्यकता अनुसार बैरिकेटिंग की व्यवस्था भी हो, इसके लिए मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी को निर्देश दिए गए।
पेयजल की व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए आयोजन स्थलों और मंदिरों के आसपास पानी के टैंकर की व्यवस्था करने, आवश्यकता अनुसार पानी की छिड़काव की व्यवस्था करने के लिए महाप्रबंधक जल के.पी.आनंद को निर्देश दिए गए। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव को 22 जनवरी के कार्यक्रम महोत्सव के लिए नोडल प्रभारी बनाया गया। जिनकी देखरेख में शहर में सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। जिसके लिए जोन स्तर पर भी ड्यूटी लगाई गई है। बैठक में समस्त जोनल प्रभारी, सहायक नगर आयुक्त पल्लवी सिंह, उद्यान प्रभारी डॉक्टर अनुज कुमार सिंह व अन्य उपस्थित रहे।

















