शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए प्लास्टिक मुक्त अभियान करें सहयोग: विक्रमादित्य सिंह मलिक

-प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध मोहननगर में चला जन जागरूक अभियान, विजयनगर में कार्यवाही
-धार्मिक व अन्य अनुष्ठानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक का ना करें इस्तेमाल
-प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान में पार्षदों ने भी लिया हिस्सा, क्षेत्र वासियों को किया जागरूक

गाजियाबाद। प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। प्रतिबंध के बाद भी लोग सुधरने को तैयार नहीं हैं। वहीं, नगर निगम की टीम ने विभिन्न स्थानों पर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई की। इसका प्रयोग करने वालों के चालान काटे और जुर्माना वसूला। सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग रोकने के साथ ही इनके उत्पादन, वितरण, निर्माण और बिक्री को बंद करने की कवायद तेज हो गई है। हालांकि प्रतिबंध लगने के बावजूद बाजारों, सड़कों, सब्जी एवं फल की ठेलियों, रेस्टोरेंट आदि स्थानों पर कुछ लोग इसका प्रयोग करते हुए नजर आए। नगर निगम की टीम लगातार लोगों के बीच जाकर जागरूकता अभियान चलाकर जागरुक कर रही है। जिससे शहर को प्लास्टिक फ्री बनाया जा सकें।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध लगातार कार्यवाही चल रही है। इसी क्रम में शनिवार को मोहन नगर जोन वार्ड संख्या 60 में और अन्य क्षेत्रों में भी जन जागरूकता अभियान चलाते हुए शहर वासियों को पॉलिथीन एवं प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के लिए अपील की गई। जन जागरूकता करते हुए प्लास्टिक का दानव भी बनाया गया। पार्षद सचिन डागर प्लास्टिक दानव के साथ मार्केट एरिया में पहुंचे और आसपास के क्षेत्र वासियों को समझाया। इसी प्रकार विजयनगर जोन के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए मार्केट एरिया में अभियान चलाया गया।

जिसमें प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल कर रहे दुकानदारों से लगभग 6 किलो प्लास्टिक जब्त कर 20 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। नगर निगम द्वारा जोन स्तर पर प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। जिसमें एक तरफ शहर वासियों को शालीनता से जागरूक किया जा रहा है। दूसरी तरफ सख्ती से कार्य किया जा रहा है। उद्देश्य केवल यही है कि शहरवासी, दुकानदार व अन्य नागरिक भी प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें, समस्त जोन में रोस्टर के अनुसार कार्यवाही तेजी से चल रही है।

नगर आयुक्त ने की शहर को प्लास्टिक फ्री करने की अपील

विक्रमादित्य सिंह मलिक
म्युनिसिपल कमिश्नर, गाजियाबाद

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहर वासियों से अपील भी की है कि 22 तारीख या अन्य मुख्य दिवसों पर आयोजित होने वाले अनुष्ठानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें, शहर को पूर्णत: प्लास्टिक मुक्त करना है। जिसके लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाएं। सिंगल यूज पॉलीथिन का उपयोग करने वाले पर कार्रवाई की जाएगी। प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग करने वालों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाएगा। स्वच्छ व सुंदर शहर बनाने के लिए जनता से शुद्ध वातावरण व स्वच्छ शहर के लिए लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने इसके उपयोग के दुष्प्रभाव को रेखांकित करते हुए कहा कि यह मानव के साथ पशु-पक्षियों के लिए भी बेहद घातक है। इसके बहिष्कार से ही शहर सुंदर बन सकता है व वातावरण भी शुद्ध हो सकता है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग निगम को मिल रहा है। नगर निगम की अपील है शहर में आयोजित होने वाले सार्वजनिक तथा पर्सनल कार्यक्रमों में प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल कतई ना करें साथ ही चल रहे अभियानों में सहयोग भी करें।