आ रही है राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, यशोदा मेडिसिटी उद्घाटन के लिए प्रशासन ने चाक-चौबंद की तैयारियां

-मंडलायुक्त डॉ. ह्षिकेश भास्कर ने यशोदा मेडिसिटी अस्पताल में की तैयारियों की समीक्षा, सभी विभागों को दिए कड़े निर्देश
-मुख्य मार्गों और अस्पताल परिसर में वीआईपी सुरक्षा के लिए प्रशासन ने किया अलर्ट मोड लागू

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के यशोदा मेडिसिटी, इंदिरापुरम शक्तिखंड-2 आगमन को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं। राष्ट्रपति के स्वागत और कार्यक्रम के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को मेरठ मंडल के मंडलायुक्त डॉ. ह्षिकेश भास्कर ने यशोदा मेडिसिटी अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण किया। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार, वीआईपी मार्ग, सभागार, पार्किंग एरिया और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई कमी न रह जाए और सभी आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह तैयार रहें। इसके बाद अस्पताल सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा प्रोटोकॉल और यातायात प्रबंधों की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने कहा कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम में प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, केंद्रीय राज्यमंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अनुप्रिया पटेल सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर सभी सुरक्षा, लॉजिस्टिक और यातायात व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित हों। रास्ता और मार्ग योजना का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आवश्यक सुधार करने और वीआईपी मार्ग को बाधारहित बनाए रखने के निर्देश दिए। सभी विभागों को आपसी समन्वय में काम करने को कहा गया ताकि राष्ट्रपति के आगमन के समय किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने अस्पताल परिसर और आस-पास के क्षेत्र में सफाई, सौंदर्यीकरण और पार्किंग व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप देने का काम शुरू कर दिया है। मंडलायुक्त ने कहा कि सुरक्षा के लिए पुलिस बल, आपातकालीन वाहन और आवश्यक निगरानी उपकरण पूरी तरह तैनात किए जाएं। निरीक्षण में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़, एडिशनल पुलिस कमिश्नर यातायात आलोक प्रियदर्शी, नगर आयुक्त, डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष दशरथ पाटिल, एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट संतोष कुमार उपाध्याय, एसडीएम सदर अरूण दीक्षित, नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। यशोदा मेडिसिटी अस्पताल के प्रबंधन के प्रतिनिधि डॉ. सुनील डागर भी निरीक्षण में शामिल हुए।

मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति के आगमन में कोई भी असुविधा या व्यवधान प्रशासनिक दृष्टि से बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने का निर्देश भी दिया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों में जनता और अतिथियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि सभी सुरक्षा उपाय, वीआईपी प्रोटोकॉल और आपातकालीन प्रबंध समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित किए जाएँ।

इसके साथ ही मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने आयोजन स्थल पर आने वाले सभी विभागों और अधिकारियों को संदेश दिया कि सुरक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के साथ-साथ कार्यक्रम का भव्य और सुचारू संचालन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस प्रकार, गाजियाबाद प्रशासन ने राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरी तैयारी और उच्च स्तरीय समन्वय के माध्यम से कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने का भरोसा दिया है। इस सघन तैयारी के तहत अस्पताल परिसर, आस-पास के मार्ग और पार्किंग क्षेत्र, वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया कि आम नागरिकों और उपस्थित श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और कार्यक्रम सुचारू एवं सुरक्षित तरीके से सम्पन्न हो।

26 को कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा 26 अक्टूबर रविवार को इंदिरापुरम शक्तिखंड-2 स्थित यशोदा मेडिसिटी अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम के चलते ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। कुछ रास्तों पर डायवर्जन रहेगा, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इंदिरापुरम के शक्तिखंड-2 में यशोदा मेडिसिटी अस्पताल का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन के चलते कई मार्गों पर डायवर्जन किया गया है। डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुन बिसेन ने बातया कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। इसके तहत कुछ मार्गों पर यातायात डायवर्जन रहेगा।

इन मार्गों पर भोपुरा, तुलसी निकेतन से हिंडन एयरफोर्स गोलचक्कर की तरफ सभी प्रकार के भारी वाणिज्यिक वाहनों का संचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। यह वाहन करनगेट गोल चक्कर से बीकानेर गोल चक्कर का प्रयोग कर मोहननगर होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। इंदिरापुरम सीआईएसएफ टी-प्वाइंट से वसुंधरा की ओर सभी प्रकार के भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। यह वाहन सीआईएसएफ टी-प्वाइंट से एनएच-9 होते हुए आगे जाएंगे। वसुंधरा से सीआईएसएफ टी-प्वाइंट की तरफ भी भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। यह सभी वाहन वसुंधरा से डाबर होते हुए यूपी गेट व एनएच-9 की तरफ जाएंगे। वीवीआईपी कार्यक्रम के चलते वसुंधरा से सीआईएसएफ टी-प्वाइंट तक हल्के व मध्यम वाहनों को आवश्यकता अनुसार रोका जाएगा और संचालन किया जाएगा।