प्रधानमंत्री ने आरोग्य वन का लोकार्पण किया

गुजरात में 2 दिवसीय दौरे पर पहुंचे नरेंद्र मोदी

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार से गुजरात की 2 दिवसीय यात्रा पर हैं। पहले दिन वह जनपद नर्मदा के केवड़िया पहुंचे। वहां उन्होंने आरोग्य वन का उद्घाटन किया। आरोग्य वन में 380 प्रजाति के पेड़ हैं। यह पेड़ वहां की खूबसूरती में चार चांद लगा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने आरोग्य वन के लोकार्पण के बाद आरोग्य कुटीर का भी भ्रमण किया। आरोग्य कुटीर में सैकड़ों औषधीय पौधे और जड़ी-बूटियां हैं। वहां इन पौधों और जड़ी-बूटियों के उपयोग और महत्व की जानकारी दी गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने आरोग्य वन और आरोग्य कुटीर की जमकर प्रशंसा की। आरोग्य वन 17 हैक्टेयर में फैला है। योग व आयुर्वेद को ध्यान में रखकर इसका विकास किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पहले आरोग्य वन में सभी जरूरी तैयारियों को पूरा कर लिया गया था। नर्मदा जिले की केवड़िया कॉलोनी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। गुजरात सरकार एक हजार करोड़ रुपए खर्च कर करीब 2 दर्जन से ज्यादा प्रोजेक्ट को पूरा करेगी। इसमें 400 मकानों का आदर्श गांव भी शामिल किया गया है। इसके अलावा जंगल सफारी भी तैयार की गई है। यह जंगल सफारी 375 एकड़ में फैली है। वहां 100 से ज्यादा प्रजाति के जंगली पशु तथा 1100 प्रजाति के पक्षी रहेंगे। जंगल सफारी भी पर्यटकों को आकर्षित करने में अह्म भूमिका निभाएगी। आरोग्य वन का लोकार्पण करने से पहले प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल के गांधीनगर स्थित आवास पर पहुंचे। वहां केशुभाई पटेल को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने महेश और नरेश कनोडिया के परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की। महेश और नरेश का हाल ही में निधन हुआ है। महेश कनोडिया संगीतकार और भाजपा के पूर्व सांसद थे। जबकि नरेश कनोडिया अभिनेता थे। पीएम मोदी के गुजरात दौरे की व्यापक तैयारियां की गई हैं। 2 दिन तक वह विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। अनेक योजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे।