बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान न होने पर नाराजगी जताई
एसडीएम को ज्ञापन देकर आंदोलन की चेतावनी दी
उदय भूमि ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर।
जन समस्याओं का निराकरण न होने से गुस्साए भाकियू कार्यकर्ताओं ने बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान न होने पर नाराजगी जताई। एसडीएम को ज्ञापन देकर जनहित की अनदेखी के विरोध में आंदोलन करने की चेतावनी दी।
क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए भाकियू भानु के कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को तहसील मुख्यालय पर एकत्र हुए, जिन्होंने प्रदेश महासचिव सरनजीत गुर्जर और प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णवीर गब्बर के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़ीं समस्याओं का निराकरण न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णवीर गब्बर ने कहा कि गन्ना मूल्य का भुगतान न मिलने से आर्थिक तंगी में घिरे किसान जरूरतपूर्ति को बैंकों समेत साहूकारों से ब्याज पर कर्ज लेने को मजबूर हो रहे हैं, परंतु सिंभावली चीनी मिल के घेराव के दौरान जिला और तहसील प्रशासन के अधिकारियों ने 15 दिन में बकाया भुगतान दिलाने का जो वादा किया था। वह दो माह बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। एसडीएम विजय वर्धन तोमर ने भरोसा दिया कि जनहित से जुड़ीं समस्याओं का प्रभावी ढंग में निस्तारण कराने के साथ ही किसानों को बकाया गन्ना मूल्य का बहुत जल्द भुगतान दिलाया जाएगा। कुंवरपाल चौहान, मनोज प्रधान, आदेश गुर्जर, रामवीर सिंह, भूलेराम, गोपाल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।















