प्रधानमंत्री आवास: नूरनगर में 480 भवन दिसंबर तक होंगे कंप्लीट

-जीडीए चीफ इंजीनियर ने किया निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर में ईडब्ल्यूएस भवनों के कराए जा निर्माण पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) का अब पूरा फोकस है। प्रदेश सरकार की यह मकान प्राथमिकता में है। इसलिए जीडीए का अब सिर्फ प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के इन ईडब्ल्यूएस भवनों का ही निर्माण कराने पर पूरा जोर है। इसी क्रम में जीडीए द्वारा राजनगर एक्सटेंशन के पास नूरनगर में योजना के तहत 480 ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण कराया जा रहा हैं। यहां पर 10 ब्लॉक में इन भवनों का निर्माण हो रहा है। इन भवनों के निर्माण पर करीब 35 करोड़ रुपए खर्च होगा। 31 दिसंबर तक इन भवनों का निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए प्रयास किए जा रहे है। जीडीए के प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह ने अभियंत्रण जोन-1 के अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार के साथ नूरनगर में निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे।

चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नूरनगर में 480 ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण कराया जा रहा हैं। इनमें से 6 ब्लॉक में करीब 288 भवनों का दिसंबर से पहले निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। बाकी के 4 ब्लॉक के भवनों का 31 दिसंबर तक निर्माण कार्य पूरा करने के लिए कांट्रेक्टर को निर्देश दिए गए है। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर तक इन 480 ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण कंप्लीट कराने के लिए कहा गया है। इन सभी भवनों का आवंटन लाटरी ड्रा से आवेदकों को किया जा चुका हैं।

ब्लॉक में बनाए जा रहे इन भवनों में करीब 288 भवनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इन भवनों के फिनिशिंग,पानी,सीवर समेत अन्य सुविधाओं को पूरा कराने के लिए कार्य कराया जा रहा है। बाकी के भवनों के निर्माण के लिए मिट्टी खुदाई एवं अन्य कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि भवनों का निर्माण करने वाली एजेंसी को निर्धारित अवधि में भवनों का निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए है ताकि नए साल-2024 में आवेदकों को इन भवनों पर कब्जा दिया जा सके।