गाजियाबाद। उद्योग बंधुओं की सुरक्षा के साथ उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाएगा। पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ ट्रैफिक जाम की समस्या भी निस्तारित कराई जाए। गुरूवार को पुलिस लाइन स्थित परमजीत हॉल में डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने उद्योग बंधुओं के साथ बैठक करते हुए यह बातें कहीं। पुलिस उपायुक्त सिटी ने उद्योग बंधुओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर उनके साथ बैठक की। उद्योग बंधुओं ने बैठक के दौरान अपनी समस्याएं रखीं। इनमें प्रमुख रूप से शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या, पुलिस गश्त बढ़ाने और अतिक्रमण हटाए जाने आदि कई बिंदू उठाए गए। इन सभी समस्याओं को सुनने के बाद डीसीपी सिटी ने इन पर कार्रवाई कराने के लिए आश्वस्त किया।
इससे पहले बुधवार को भी जनपद के विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई थी। बैठक में उनकी समस्याओं का निस्तारण किया गया। बैठक में व्यापार संगठन के पदाधिकारियों एवं उद्योग बंधुओं ने अपराध नियंत्रण करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की प्रशंसा भी की गई। बैठक में उद्योग बंधुओं के अलावा व्यापारी संगठनों के लगभग 75 प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में सभी शहर में विभिन्न स्थानों पर ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण की समस्या से अवगत कराया। डीसीपी सिटी ने बैठक में उपस्थित सहायक पुलिस आयुक्त ट्रैफिक जियाउद्दीन एवं ट्रैफिक इंस्पेक्टरों को निर्देश दिए कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था चुस्त-दुरूस्त की जाए। इसके साथ ही शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम और जीडीए के अधिकारियों से समन्वय बनाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई किए जाने के लिए निर्देशित किया गया।

















