-सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि योजनान्तर्गत निर्माण कार्यों को लेकर बैठक
गाजियाबाद। जिले में सांसद निधि के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्यों को अब 31 मई तक पूरा कराना होगा। सांसद क्षेत्रीय विकास निधि योजना के अंतर्गत जिले में करीब 2.50 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। बुधवार को
अपने ऑफिस में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक पीएन दीक्षित, कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण व सिडको के सहायक अभियंता, अवर अभियंता आदि के साथ बैठक की। बैठक में सीडीओ ने निर्माण कार्यों के संबंध में समीक्षा करते हुए बताया कि एक अप्रैल 2023 से पूर्व के स्वीकृत कार्य प्रगति पर चल रहे है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के 1,62,01200 के 7 कार्य स्वीकृत है। यूपी सिडको के 44.34 लाख रुपए के दो कार्य स्वीकृत हैं।
सीडीओ ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता को निर्देशित किया कि यह निर्माण कार्य उच्च गुणवत्तापूर्ण 31 मई तक की डेडलाइन तय करते हुए कार्यों को पूरा कराया जाए। यूपी सिडको के अवर अभियंता ने बताया कि एक कार्य 31 मई तक पूरा कर लिया जाएगा। गोविंदपुरम अनाज मंडी परिसर में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण दुकान नंबर-74 के सामने वाला कार्य अनाज मंडी परिसर में स्ट्रांग रूम में रखी गई ईवीएम की वजह से कार्य बाधित है।
सीडीओ ने सार्वजनिक शौचालय के निर्माण के कार्य के अलावा अन्य सभी कार्यों को 31 मई तक पूरा कराने के निर्देश दिए। बागपत सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह एवं राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल और सांसद जनरल विजय कुमार सिंह की निधि से 1 अप्रैल 2023 से पूर्व स्वीकृत कार्यों की बकाया धनराशि डीआरडीए को वापस करने एवं उसे भारत सरकार के सीएए खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए।















