-जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने जनता दर्शन में आमजन की शिकायतें गंभीरता से सुनीं
-अधिकारी को दिए सख्त निर्देश: प्रत्येक शिकायत का शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित किया जाए
-विरासत आधारित शस्त्र लाइसेंस आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति, प्रशासन पर बढ़ा जनता का भरोसा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन के दौरान गुरुवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने आमजन की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी द्वारा नियमित रूप से की जा रही जनसुनवाई का असर यह रहा कि जनता का भरोसा बढ़ा है और शिकायत लेकर पहुंचने वाले प्रार्थियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। जनता दर्शन के दौरान राजस्व विभाग, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी महोदय ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना और यह भी जानकारी ली कि संबंधित प्रकरण में पूर्व में कोई आवेदन दिया गया था या नहीं। उन्होंने प्रार्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान पूरी गंभीरता और गुणवत्ता के साथ कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां मौके पर जाकर निरीक्षण के बाद ही समाधान किया जाए। साथ ही सभी मामलों के निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना भी अनिवार्य किया जाए, ताकि समाधान की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। डीएम रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेष रूप से भूमि से संबंधित विवादों के मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे, जिससे अनावश्यक विवाद और असंतोष की स्थिति उत्पन्न न हो। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने विरासत के आधार पर आवेदित शस्त्र लाइसेंस प्रकरणों की भी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ऐसे सभी आवेदन जिनमें पुलिस और तहसील स्तर की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत किया जा चुका है। उन्होंने आवेदकों से अपील की कि शस्त्र लाइसेंस से संबंधित किसी भी जानकारी या असुविधा की स्थिति में वे किसी भी कार्यदिवस में शस्त्र अनुभाग, कलेक्ट्रेट गाजियाबाद में संपर्क कर सकते हैं। जनता दर्शन के दौरान एडीएम सिटी, एडीएम एफ/आर, एडीएम ई, एडीएम जे तथा जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी की इस कार्यशैली से आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास और उम्मीद दोनों मजबूत होती नजर आई।















