-पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए विद्यार्थियों ने दिखाई कल्पनाशीलता और उत्साह
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कवि नगर स्थित के.डी.बी. पब्लिक स्कूल के सभागार में गुरुवार को ‘रीडिंग क्लब’ का भव्य और प्रेरणादायक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा छठी से नौवीं तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, जिज्ञासा और सक्रिय सहभागिता के साथ भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन की आदत को विकसित करना, पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाना, भाषा कौशल और शब्दावली को समृद्ध करना तथा सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम को रोचक और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए विद्यालय द्वारा विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें शैक्षिक खेल, विभिन्न प्रसिद्ध लेखकों की पुस्तकों की प्रदर्शनी, कठपुतली प्रस्तुति, पुस्तक समीक्षा, कहानी लेखन, कविता लेखन, पुस्तक आवरण एवं पुस्तक चिह्न निर्माण जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन करते हुए पुस्तकों से जुड़ी गतिविधियों को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विभिन्न लेखकों के जीवन पर आधारित फैशन शो रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने साहित्यिक पात्रों और लेखकों के रूप में मंच पर उतरकर पुस्तकों के प्रति अपने प्रेम को अनोखे और सृजनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को न केवल मनोरंजन दिया, बल्कि साहित्य के महत्व को भी प्रभावी ढंग से रेखांकित किया। विद्यालय में विद्यार्थियों के शब्द भंडार और वाचन कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से प्रतिदिन शून्य कालांश में प्रसिद्ध लेखकों की पुस्तकों का पठन कराया जाता है। इससे छात्र भाषा की सूक्ष्मताओं को समझते हुए अपने ज्ञान और अभिव्यक्ति क्षमता को निरंतर सुदृढ़ कर रहे हैं।
समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या निवेदिता राणा एवं उपप्रधानाचार्या नम्रता दुबे ने ‘रीडिंग क्लब’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुस्तकालय ज्ञान का मंदिर होता है, जो व्यक्ति के बौद्धिक, नैतिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में भी पुस्तकों का महत्व कभी कम नहीं होगा और नियमित अध्ययन से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है। कार्यक्रम के अंत में सर्वाधिक पुस्तकों का अध्ययन करने वाले उत्कृष्ट विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं उत्तम पुस्तकों की श्रृंखला भेंट कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उन्हें जीवन भर सीखते रहने की प्रेरणा भी दे गया।

















