निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष के लिए राजीव शर्मा के नाम पर लग सकती है मुहर

गाजियाबाद। आखिर नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष पद के लिए महापौर एवं भाजपा संगठन की ओर से वरिष्ठ पार्षद राजीव शर्मा के नाम पर मुहर लग गई। महापौर सुनीता दयाल ने आज शुक्रवार को सुबह साढ़े 11 बजे नगर निगम कार्यकारिणी बैठक बुलाने के लिए पहले ही तारीख प्रस्तावित कर दी गई थी। महापौर ने नगर आयुक्त व सदन सचिव को बैठक कराने के लिए पत्र जारी करते हुए सभी तैयारी के निर्देश दिए थे। महापौर की अध्यक्षता में आज सुबह साढ़े 11 बजे से निगम कार्यकारिणी की बैठक होगी। बैठक में सबसे पहले नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। उम्मीद है कि राजीव शर्मा कार्यकारिणी उपाध्यक्ष सर्वसहमति से बन जाएंगे। महापौर व भाजपा संगठन ने राजीव शर्मा का नाम फाइनल कर दिया है।

नगर निगम की ओर से इस चुनाव के लिए पहली बार कार्यक्रम जारी किया गया है। महापौर व भाजपा नहीं चाहती है कि मतदान की नौबत आए। इसलिए कार्यकारिणी उपाध्यक्ष का चयन निर्विरोध हो। महापौर की पसंद से ही वरिष्ठ पार्षद राजीव शर्मा का नाम फाइनल किया गया है। हालांकि इनके अलावा पार्षद प्रवीण चौधरी,शीतल चौधरी,यशपाल पहलवान कार्यकारिणी उपाध्यक्ष बनने के लिए जी जान से जुटे हुए थे। मगर ऐन वक्त पर गुरूवार शाम को वरिष्ठ पार्षद राजीव शर्मा का नाम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष के लिए फाइनल कर दिया गया। राजीव शर्मा चार बार के पार्षद है। उन्हें निगम की पाई-पाई की जानकारी भी है। अनुभव व व्यवहार कुशल होने के नाते पार्षद राजीव शर्मा आखिर कार्यकारिणी उपाध्यक्ष पद पर आज विराजमान हो जाएंगे।

नगर निगम कार्यकारिणी में कुल 12 सदस्य पार्षद हैं। महापौर सदन की अध्यक्ष है।निगम कार्यकारिणी में इन 12 सदस्यों में 9 सदस्य भाजपा के है। जबकि एक कांग्रेेस,निर्दलीय समेत विपक्ष के तीन सदस्य है। भाजपा का एक तरफा कार्यकारिणी में बहुमत है। इसलिए आज कार्यकारिणी उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के राजीव शर्मा काबिज हो ही जाएंगे। महापौर सुनीता दयाल का कहना है कि सभी की सहमति के बाद राजीव शर्मा का नाम फाइनल किया गया है। चुनाव कराए बिना ही सर्वसम्मति से कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चुनने के लिए प्रयास रहेगा।