जान पर खेलकर निगमकर्मियों ने ​की बाढ़ पीड़ितों की मदद नगर आयुक्त ने सम्मानित कर किया उत्साहवर्धन

– राहत बचाव कार्य के दौरान पानी में डूबने से बचे जीएम जलकल आनंद त्रिपाठी
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। हिंडन नदी में आई बाढ़ से निपटने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने शानदार काम किया। बाढ़ प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने और बाढ़ में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने जान की बाजी लगा दी। बाढ़ के पानी में फंसे गोवंशों को बचाने के दौरान नगर निगम के महाप्रबंधक जल आनंद त्रिपाठी पानी की लहरों में फंस गये और डूबते-डूबते बचे। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ के नेतृत्व में अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्याान प्रभारी डॉ. अनुज सिंह अलग-अलग मोर्चों पर डटे रहे और राहत व बचाव कार्य किया। निगम अधिकारी और कर्मचारी बिना रूके बिना थके राहत और बचाव कार्य में जुटे रहे। पूरी रात निगम अधिकारी करहेड़ा गांव के आस-पास, गौशाला क्षेत्र, सिटी फॉरेस्ट एरिया एवं हिंडन नदी के किनारे जल स्तर की निगरानी करते रहे और लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाया। राहत बचाव कार्य में जुटे निगमकर्मियों को नगर आयुक्त ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विदित हो कि नगर निगम के मोहननगर जोन क्षेत्र क्षेत्र अंतर्गत करहेड़ा और आसपास की कॉलोनियों में हिंडन नदी में जलस्तर बढ़ने के बाद बाढ़ का पानी घुस गया। इससे यहां रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी के अंदर 6 से 7 फीट तक पानी भर गया। कई परिवार बाढ़ की पानी में फंस गये। बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने एवं व्यवस्था कराने में नगर निगम के अधिकारी पूरी मेहनत से लगे रहे। नगर आयुक्त ने सिटी फॉरेस्ट से लेकर करहेड़ा व आसपास की कॉलोनियों में लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। पानी की बोट (नाव) पर बैठकर विभिन्न स्थलों का जायजा लिया। कई जगह स्वयं लोगों का रेस्क्यू कराया।
नगर आयुक्त के नेतृत्व में निगम अधिकारियों ने राहत बचाव कार्य के लिए खुद के जान की परवाह नहीं की। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव हमेशा मौके पर मौजूद रहे। चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने करहेड़ा प्राथमिक विद्यालय पर बाढ़ पीड़ितों के ठहरने से संबंधित कामकाजों को संभाला। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने गौशालों में बाढ़ का पानी घुसने के बाद गौवंशों को निकालने की व्यवस्था की कमान संभाली। बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त ने राहत एवं बचाव कार्य में लगे निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की। नगर आयुक्त ने निगम सभागार में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह आदि अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया।
निगम कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कर्मचारियों के प्रतिनिधि के रूप में निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार को भी नगर आयुक्त ने सम्मानित किया। बाढ़ पीड़ितों की मदद में नगर निगम के जोनल प्रभारी राजवीर, निर्माण विभाग के जेई संजय गंगवार, चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर पवन कुमार डटे रहे। निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ने ट्रैक्टर पर बैठकर एवं पानी की बोट के जरिये बाढ़ पीड़ितों का बचाव। प्राथमिक विद्यालय में बनाये गये राहत शिविर कैंप में सभी व्यवस्था को बनाए रखा। गोवंश के बचाव के लिए निगम कर्मियों ने काबिले तारीफ कार्य किया।