राहत : 9 करोड़ किसानों के लिए 18 करोड़ रिलीज

पीएम किसान सम्मान निधि की 7वीं किस्त जारी

नई दिल्ली। पीएम किसान सम्मान निधि की 7वीं किस्त जारी कर दी गई है। इसके तहत देशभर के 9 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बटन दबाकर यह धनराशि रिलीज की। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद भी किया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने 6 राज्यों के किसानों से बात की। भाजपा आज सुशासन दिवस मना रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि किसानों के जीवन में खुशी, हम सभी के जीवन में खुशी बढ़ा देती है। इसके पहले कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि सिर्फ 2 घंटे के भीतर 9 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ भेजा जाएगा। यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में जाएगी। कृषि मंत्री तोमर ने कहा कि पश्चिम बंगाल को छोड़कर सभी किसान इस योजना का फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बंगाल में करीब 70 लाख किसान हैं, जिन्हें 4200 करोड़ रुपए ट्रांसफर होना है, मगर बंगाल सरकार ने कोई निर्णय नहीं लिया है। कृषि मंत्री ने कहा कि बंगाल सरकार को इस पर जल्द फैसला लेना चाहिए ताकि किसानों को लाभ मिल सके। उधर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली के द्वारका में किसान चौपाल को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में एमएसपी समाप्त नहीं होगी। किसानों को भ्रम में रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यूपीए की सरकार के मुकाबले 3 गुना एमएसपी पर मोदी सरकार ने खरीद की है। उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ धरनारत किसानों के लिए मेरे मन में सम्मान है। एक बार कानून को लागू होने दीजिए। यदि कानून का नुकसान होगा तो मैं खुद उसमे संशोधन कराऊंगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किसानों से बातचीत के लिए आने की अपील भी की।