केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद की मां का निधन

बीमार विमला प्रसाद ने पटना में अंतिम सांस ली

पटना। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद की मां विमला प्रसाद का निधन हो गया। वह पिछले करीब 2 माह से अस्वस्थ चल रही थीं। वीरवार की देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। विमला प्रसाद के निधन पर विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों ने शोक व्यक्त किया है। उनके पार्थिव शरीर को दर्शनार्थ नागेश्वर कॉलोनी में उनके आवास पर रखा गया है। शनिवार को दीघा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद की मां विमला प्रसाद ने पारस हॉस्पिटल पटना में वीरवार की देर रात अंतिम सांस ली। वह पिछले 2 माह से काफी बीमार चल रही थीं। बताया गया है कि विमला प्रसाद को पिछले 2 माह से सांस लेने में परेशानी हो रही थी। इसके मद्देनजर उन्हें पहले दिल्ली में इलाज के लिए लाया गया था। बाद में पटना स्थित आवास पर मिनी आईसीयू बनाकर इलाज चल रहा था। 2 माह पहले हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 90 वर्षीय विमला प्रसाद पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रहे ठाकुर प्रसाद की पत्नी थीं। उधर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिवंगत विमला देवी को ऊर्जावान, मिलनसार और सामाजिक महिला बताकर उनके निधन पर गहरी शोक संवेदना प्रकट की है। नीतीश कुमार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री कुमार ने रविशंकर प्रसाद को फोन कर शोक संवेदना भी जाहिर की है। इसके अलावा बिहार के उप-मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद तथा रेणु देवी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, आर.के. सिंह, नित्यानंद राय, अश्विनी चौबे, पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुशील मोदी, विधान सभा अध्यक्ष विजय सिन्हा के अलावा सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद ने भी उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। राज्यपाल गंगा प्रसाद ने विमला प्रसाद के निधन को समाज के लिए बड़ा नुकसान बताया है।