धार्मिक आस्था को मिला पुलिस का संरक्षण: गाजियाबाद पुलिस ने हर की पौड़ी से मंगवाया गंगाजल, हर थाने में पहुंचा पावन जल

-कांवड़ यात्रा में खंडित कांवड़ की स्थिति में शिवभक्तों को मिलेगा तत्काल गंगाजल, पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ की भावपूर्ण पहल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। श्रावण मास में होने वाली पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए गाजियाबाद पुलिस ने एक अनूठी और भावनात्मक पहल की है। पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ के निर्देशन में गाजियाबाद पुलिस की टीम ने हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी से 1400 लीटर गंगाजल मंगवाया, जिसे मंगलवार को जिले के सभी थानों में वितरित कर दिया गया। इस पहल का उद्देश्य यह है कि अगर यात्रा के दौरान किसी शिवभक्त की कांवड़ खंडित हो जाए, तो उसे तुरंत गंगाजल उपलब्ध कराया जा सके, जिससे उसकी आस्था को ठेस न पहुंचे और यात्रा बाधित न हो। पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल परंपरा नहीं, बल्कि आस्था, समर्पण और सामाजिक सद्भाव का जीवंत उदाहरण है।

गाजियाबाद पुलिस का कर्तव्य है कि वह न सिर्फ श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे, बल्कि उनकी धार्मिक भावनाओं का सम्मान भी करे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक थाने को लगभग 50 लीटर गंगाजल दिया गया है, जो विशेष रूप से ऐसी स्थितियों के लिए आरक्षित रहेगा, जहां कांवड़ टूटी हो या भक्त को दुबारा हरिद्वार जाना असंभव हो। 11 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा में लाखों श्रद्धालु गाजियाबाद की सीमाओं से होकर गुजरेंगे। ऐसे में यह व्यवस्था न सिर्फ प्रशासनिक रूप से अहम है, बल्कि गाजियाबाद पुलिस के सेवा और श्रद्धा के समन्वय की मिसाल भी बन रही है।

जे. रविंदर गौड़
पुलिस आयुक्त

कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा हुआ आध्यात्मिक उत्सव है। गाजियाबाद पुलिस का यह कर्तव्य है कि हम न केवल उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें, बल्कि उनकी भावनाओं का भी पूरा सम्मान करें। हर की पौड़ी से लाया गया गंगाजल उन शिवभक्तों के लिए है जिनकी कांवड़ यात्रा के दौरान किसी कारणवश खंडित हो जाती है। हमारा प्रयास है कि किसी भी शिवभक्त की श्रद्धा को ठेस न पहुंचे और उसे यात्रा बीच में छोडऩी न पड़े। श्रद्धालुओं की सेवा भी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है और यह पहल उसी का प्रमाण है।
जे. रविंद्र गौड़
पुलिस कमिश्नर