स्मरण : अखिलेश को याद आए भगवान राम

अयोध्या में बोले, मर्यादा पुरूषोत्तम तो सपा के

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया अखिलेश यादव ने खुद को श्रीराम और कृष्ण भक्त बताया है। उन्होंने कहा है कि भगवान राम सपा के हैं। अखिलेश ने कहा कि भव्य राम मंदिर का निर्माण होने के बाद वह सपरिवार दर्शन करने आएंगे। कार्यक्रम के सिलसिले में रामनगरी अयोध्या पहुंचे अखिलेश यादव ने श्रीराम और कृष्ण के प्रति अपनी अटूट आस्था का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम सपा के हैं। अखिलेश बोले कि भगवान विष्णु के जितने भी अवतार हैं, वह सभी भगवान को मानते हैं। जब भगवान राम अयोध्या आए थे तो उन पर पारिजात के फूलों की वर्षा की गई थी। अलबत्ता सपा सरकार में सबसे पहले अयोध्या में पारिजात के पौधे लगाए गए थे। अखिलेश ने कहा कि अयोध्या और फैजाबाद में सपा सरकार के कार्यकाल में विकास कार्य कराए गए हैं। अयोध्या और फैजाबाद में विकास की रफ्तार को आज भी जनता याद करती है। अखिलेश ने कहा कि घाटों पर जो दीपक जलाए जाते हैं, उन घाटों को किसने खूबसूरत बनाया, लाइटें किसने लगवाई। बिजली में भाजपा ने क्या सुधार किया ? एक भी विद्युत सब स्टेशन नहीं बना। अब सरकार के पास इस पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं है। अयोध्या आए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पूर्व मंत्री आजम खान का बचाव भी किया। उन्होंने कहा कि आजम खान के खिलाफ झूठे मुकदमें दर्ज किए गए हैं। भाजपा ने ऐसे अधिकारी तैनात किए, जिनके जरिए आजम पर दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि मुझे अदालत पर पूरा भरोसा है। आजम खान जल्द छूट कर आएंगे। सपा उनके साथ खड़ी है। बता दें कि सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम लंबे समय से जेल में बंद हैं। दोनों के विरूद्ध कई गंभीर मामले दर्ज हैं। सरकारी रिकार्ड में आजम अब भू-माफिया बन चुके हैं।