जंग : कांग्रेस और भाजपा विधायकों में मारपीट

कर्नाटक विधान परिषद में जमकर मचा बवाल

नई दिल्ली। कर्नाटक विधान परिषद मंगलवार को जंग का मैदान बन गई। सत्ता और विपक्ष के बीच जमकर नोंक-झोंक हुई। विवाद इस कदर बढ़ा कि कांग्रेस और भाजपा विधायकों में हाथापाई तक हो गई। कांग्रेस के विधान परिषद सदस्यों ने हंगामा कर डिप्टी चेयरमैन को कुर्सी से खींचकर हटा दिया। कर्नाटक विधान परिषद में आज विशेष सत्र बुलाया गया था। विशेष सत्र आरंभ होने से पहले भाजपा और कांग्रेस विधायकों में तकरार हो गई। सदन के भीतर दोनों पक्षों के बीच जबरदस्त धक्का-मुक्की देखने को मिली। भाजपा ने विधान परिषद के चेयरमैन प्रताप चंद्र शेट्टी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने को गर्वनर के निर्देश पर सत्र बुलाया था। विधान परिषद में भाजपा के पास संख्या बल कम है। ऐसे में जेडीएस के समर्थन के साथ मिलकर कांग्रेस के काउंसिल चेयरमैन को हटाने की योजना बनाई गई थी। परिषद के अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जाना था, इसलिए सत्र आरंभ होने से पहले भाजपा और जेडीएस ने मांग उठाई कि चेयरमैन की कुर्सी पर मौजूदा अध्यक्ष नहीं बैठेंगे। उनके स्थान पर डिप्टी चेयरमैन और जेडीएस के एमएलसी भौजे गौड़ा को कुर्सी पर बैठने को कहा गया। इससे कांग्रेस सदस्य खफा हो गए। कांग्रेस के सदस्यों ने आवेश में आकर जबरन डिप्टी चेयरमैन को कुर्सी से खींचकर हटा दिया। इससे खफा भाजपा और जेडीएस सदस्यों की कांग्रेस विधायकों के साथ बहस और धक्का-मुक्की हो गई। तदुपरांत चेयरमैन प्रताप चंद्र शेट्टी को उप-मुख्यमंत्री अश्वथ नारायण सहित कई भाजपा सदस्यों ने कुर्सी तक जाने से रोक दिया। इस पर सदन में आए मार्शल्स ने बल प्रयोग कर सदस्यों को हटाया। तब जाकर चेयरमैन अपनी कुर्सी तक पहुंच सके। तदुपरांत चेयरमैन ने विधान परिषद की कार्रवाई को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया। इसके बाद भी सदन में शोर-शराबा होता रहा। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।