-विकास कार्यों से बदल रहा क्षेत्र का स्वरूप: कुसुम मनोज गोयल
-समाजसेवी के.एल. शर्मा ने नारियल फोड़कर किया शुभारंभ, वरिष्ठ नागरिकों को किया गया सम्मानित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वैशाली सेक्टर-1 स्थित प्लॉट नंबर 397 से 331 तक की सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ रविवार को बड़े उत्साह के साथ किया गया। यह विकास कार्य क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल की पार्षद निधि से कराया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी के.एल. शर्मा ने नारियल फोड़कर किया। इस मौके पर क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों का फूलमालाओं से सम्मान किया और कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि वैशाली सेक्टर-1 में सड़क, जलनिकासी, पार्क, स्ट्रीट लाइट और सफाई जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। पार्षद ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि वैशाली वार्ड को एक आदर्श वार्ड के रूप में विकसित किया जाए, जहाँ हर नागरिक को मूलभूत सुविधाएं सहजता से उपलब्ध हों।
उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से न केवल लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि जलभराव और धूल की समस्या से भी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया विकास कार्य जनता के सहयोग से ही संभव है। मैं अपने क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक का धन्यवाद करती हूँ जिन्होंने हर कार्य में हमें सहयोग और सुझाव दिए हैं। कुसुम मनोज गोयल ने इस कार्य को स्वीकृति और सहयोग देने के लिए नगर निगम गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन के सहयोग से क्षेत्र में कई लंबित विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी के.एल. शर्मा ने कहा कि पार्षद कुसुम मनोज गोयल के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि सक्रिय और संवेदनशील होते हैं, तो क्षेत्र का विकास अपने आप आगे बढ़ता है।
इस मौके पर कैप्टन राहुल चंद्रा, मंजू गर्ग, डॉ. रमन, भाजपा नेता अवधेश कटिहार, शिव शंकर उपाध्याय, भूपेंद्र, प्रहलाद सिंह, योगी आगीधा, अमन माथुर, प्रवीण सपरा, सुरेश गौतम, आशुतोष भारद्वाज, पुष्पा कश्यप सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने पार्षद कुसुम मनोज गोयल के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र के बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार हुआ है। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को लंबे समय से हो रही असुविधा से राहत मिलेगी और क्षेत्र का सौंदर्य भी निखरेगा।
















