-सिटी ट्रांसपोर्ट सेवा के बेहतर संचालन के लिए बनाई जाएगी नई कार्य योजना
-इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग प्वाइंट बढ़ाने पर भी जोर
-मंडलायुक्त ने की गाजियाबाद सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज की 8वीं बोर्ड बैठक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद में रहने वालों को अब शहर के भीतर यात्रा करने में और अधिक सुविधा मिलने जा रही है। सिटी बस सेवा को और बेहतर और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जल्द ही एक नया रोड मैप तैयार किया जाएगा। इसी विषय को लेकर शनिवार को विकास भवन के दुर्गावती देवी सभागार में गाजियाबाद सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड की निदेशक मंडल की आठवीं बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मेरठ मंडल के मंडलायुक्त ऋषिकेश भास्कर यशोद ने की। बैठक में मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सिटी बसों का संचालन जनपदवासियों की सुविधा के अनुसार तय किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कई बसें ऐसी हैं जो लंबी दूरी तक खाली चलती हैं। ऐसी स्थिति में जरूरी है कि बसों के रूट का ऐसा निर्धारण किया जाए जिससे यात्रियों को न केवल बेहतर सेवा मिल सके, बल्कि बसें भी अधिक उपयोग में लाई जा सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि शहर के कई इलाकों में अभी भी बस सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारियों से लेकर आम यात्रियों तक को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। इन समस्याओं के समाधान के लिए सुव्यवस्थित और व्यावहारिक रोड मैप तैयार करना जरूरी है। बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा, जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स, नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक, सीडीओ अभिनव गोपाल, रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक केसरी नंदन चौधरी समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में एजेंडा प्रस्तुत करते हुए पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई और उनकी प्रगति रिपोर्ट भी पेश की गई। वित्तीय वर्ष 2023-2024 के लेखा कार्यों की समीक्षा की गई, जिसमें जीएसटी, टीडीएस रिटर्न और अन्य लेखा प्रक्रियाओं पर सीए द्वारा किए जा रहे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया।
साथ ही शहर में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने और उनके संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने की दिशा में भी निर्णय लिए गए। मंडलायुक्त ऋषिकेश भास्कर यशोद ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सिटी बसों के संचालन को जनहित में बेहतर बनाएं। उन्होंने कहा कि परिवहन सेवा न केवल जनता की सुविधा से जुड़ा विषय है, बल्कि इससे राजस्व में भी वृद्धि होती है और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी सकारात्मक असर पड़ता है। इस बैठक को गाजियाबाद की सिटी ट्रांसपोर्ट व्यवस्था में सुधार और विस्तार की दिशा में एक अहम पहल के रूप में देखा जा रहा है। इसके जरिए शहर में सार्वजनिक परिवहन को अधिक प्रभावी और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
















