सिंघु बॉर्डर पर बवाल, किसानों से भिड़े नागरिक

-दो पक्षों में भिड़ंत, एसएचओ पर तलवार से हमला

नई दिल्ली। दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर हिंसा होने के बाद से किसान आंदोलन का विरोध बढ़ गया है। सिंघु बॉर्डर पर शुक्रवार को किसानों और आस-पास के नागरिकों के बीच टकराव हो गया। नागरिकों ने बाधित हाइवे को तत्काल खाली करने की मांग कर प्रदर्शन किया। ऐसे में किसानों और नागरिकों के मध्य बवाल हो गया। इस बीच अलीपुर एसएचओ पर तलवार से हमला कर दिया गया। पुलिस ने हमलावर को दबोच लिया है। सिंघु बॉर्डर पर काफी समय से किसान आंदोलन चल रहा है। इस कारण हाइवे बाधित है। इससे नाराज नागरिक शुक्रवार को बड़ी संख्या में एकत्र होकर वहां पहुंचे। उन्होंने हाइवे को खाली करने की मांग कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इसके चलते किसान प्रदर्शनकारियों और नागरिकों में भिड़ंत हो गई। दोनों गुटों के बीच पत्थरबाजी हुई। हालात संभालने को पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस बवाल दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों और पुलिस कर्मियों के घायल होने की खबर है। हंगामे के दरम्यान एसएचओ अलीपुर पर एक प्रदर्शनकारी ने तलवार से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गए। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के हस्तक्षेप पर यह बवाल रूक भी गया, मगर दोपहर करीब ढाई बजे प्रदर्शनकारियों ने पुन: एक-दूसरे पर पथराव करना शुरू कर दिया। किसान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्रदर्शन करने आए नागरिकों ने तिरंगे का अपमान, नहीं सहेग हिंदुस्तान के नारे लगाए। फिलहाल सिंघु बॉर्डर पर स्थिति तनावपूर्ण है। वहां अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। बता दें कि गुरुवार को भी नागरिकों ने किसान आंदोलन के खिलाफ हंगामा किया था। आस-पास की जनता के उग्र होने से टकराव की स्थिति निरंतर पैदा हो रही है। ऐसे में पुलिस के लिए हालात संभालना और मुश्किल हो सकता है। उधर, गाजीपुर बॉर्डर पर भी भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।