ब्रिज विहार में नाबालिग से कबाड़ी ने किया दुष्कर्मं लोगों ने थाने पर किया हंगामा कबाड़ी की दुकान में लगाई आग

गाजियाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र स्थित ब्रिज विहार में एक नाबालिग से रेप की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने समय रहते तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। वहीं क्षेत्र के लोगों ने पुलिस पर रेप में शामिल अन्य आरोपियों को छोडऩे का आरोप लगाते हुए थाने पर जमकर प्रदर्शन करते हुए आरोपी को फांसी देने की मांग की। इसी के साथ कबाड़ी की दुकान को आग के हवाले भी कर दिया। वहीं आरोपी के दूसरे समुदाय से जुड़े होने कारण हिंदू संगठनों ने गुरुवार को थाने पहुंचकर हंगामा किया। आरोप यह भी है आरोपी के साथियों ने भी बच्ची के साथ मारपीट की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वह कबाड़ी का काम करता है। एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि एक व्यक्ति के द्वारा लिंक रोड थाना पुलिस को तहरीर दी गई कि कबाड़ी का काम करने वाले शख्स ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ मारपीट कर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की गईं। आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पीडि़ता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। एसीपी ने कहा कि मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए पीडि़ता को न्याय दिलाया जाएगा। हिन्दू परिवार गौरक्षा दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष पाल ने बताया कि मंगलवार रात की घटना है। बृजविहार चौकी क्षेत्र में पहले बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया और उसके बाद मारपीट की गई। आरोपी की कबाड़ी की दुकान करता है। आरोप है कि कबाड़ी के पास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, इससे पुलिस सुरक्षा पर सवाल उठता है। श्री पाल ने आरोप लगाया है कि यदि उस इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग हो रही होती तो शायद असामाजिक तत्व कबाड़ी की दुकान पर जमावड़ा न लगा रहे होते और वारदात से पहले ही पुलिस उन्हें सबक सिखा चुकी होती।

उन्होंने कहा है कि पुलिस यदि सही कार्रवाई नहीं करती तो हमें मजबूरन पुलिस कमिश्नर कार्यालय जाना पड़ेगा। थाने पहुंचे हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में इस बात को लेकर रोष देखा गया कि आए दिन एक विशेष धर्म के व्यक्ति इस तरह की नीच हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त अभियान चलाए। पुलिस को इस बात का वेरिफिकेशन करना चाहिए कि गाजियाबाद में कौन कहां से आकर रह रहा है। लगातार होने वाली वारदातों से तो यही लगता है कि आपराधिक रिकॉर्ड वालों ने गाजियाबाद में ही डेरा डाल दिया है। उन्होंने पुलिस को चेताया कि इस तरह की वारदातों पर जल्द ही अंकुश नहीं लगा तो हमें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।