एसडीएम ने विद्यालयों के लिए खरीदी पाठ्य-पुस्तकों का किया सत्यापन

गाजियाबाद। जनपद में संचालित परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षिक सत्र-2024-25 में कक्षा-1 से कक्षा 8 तक निःशुल्क वितरण के लिए खरीदी गई पाठय-पुस्तकों को एसडीएम सदर अरुण दीक्षित ने सत्यापन किया। राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशानुसार जिला बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित इन विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह द्वारा पाठय-पुस्तकों के लिए सत्यापन कमेटी गठित कर दी है। एसडीएम सदर अरुण दीक्षित ने बताया कि गुरुवार को जिलाधिकारी द्वारा गठित की गई सत्यापन कमेटी के तहत नामित सदस्य के रूप में नगर क्षेत्र में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय भंडारण केंद्र में प्रथम लॉट की आपूर्ति के लिए कुल 18 विषयों की पाठ्य-पुस्तकों कक्षा-3 से कक्षा-7 तक का सत्यापन किया गया।

सत्यापन के दौरान शासनादेश के अनुसार प्रत्येक पुस्तक व कार्य पुस्तिका के आवरण के मुख्य पृष्ठ पर स्पष्ट पठनीय नि:शुल्क वितरण एवं शैक्षिक सत्र के वर्ष का उल्लेख तथा आवरण के पृष्ठ भाग व अंतिम पृष्ठ पर प्रकाशन वर्ष,मुद्रक का नाम,मुद्रक के जनपद का नाम व आवरण पृष्ठ के कागज की विशिष्टियां अंकित पाई गई। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया क्रय आदेश व नमूने के सापेक्ष प्राप्त पाठय-पुस्तकों की आपूर्ति संतोषजनक पाई गई। पुस्तकों का सत्यापन किए जाने के बाद जनपद के सभी परिषदीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षिक सत्र-2024-25 के छात्र-छात्राओं की पाठय पुस्तकें निःशुल्क वितरित की जाएगी।