उन्नाव केस : सियासत तेज, ग्रामीणों में भी उबाल

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण जहर आया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद में 2 किशोरियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के बाद सियायत गरमा गई है। विपक्ष ने एक बार फिर योगी सरकार पर हमला बोला है। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों किशोरियों की मौत का कारण जहरीला पदार्थ आया है। यानि जहर खाने के कारण उनकी जान गई है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने शवों का अंतिम संस्कार भी नहीं होने दिया है। ग्रामीणों ने कुछ मांगे पूरी करने पर जोर दिया है। जनपद उन्नाव के असोहा थाना क्षेत्र के बबुरहा गांव में यह घटना बुधवार की रात प्रकाश में आई थी। 3 दलित किशोरियां खेत में दुपट्टे से बंधी मिलने से एकाएक सनसनी फैल गई थी। इनमें 2 किशोरियों की मौत हो गई थी। जबकि तीसरी अस्पताल में भर्ती है। इस घटना के बाद बबुरहा गांव को एहतियात के तौर पर पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। उन्नाव जनपद के 9 थानों की पुलिस फोर्स गांव में तैनात है। उधर, दोनों किशोरियों के शवों का पोस्टमार्टम भी हो चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण जहरीला पदार्थ को बताया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि दोनों किशोरियों ने मौत से लगभग 6 घंटे पहले खाना खाया था। खाने में जहरीला पदार्थ होने के कारण मौत हो गई। इस बीच गांव में ग्रामीणों का धरना चल रहा है। वहां मौजूद सपा कार्यकर्ता घटना की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने दोनों किशोरियों के शवों को दफनाने भी नहीं दिया है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को नौकरी, मुआवजा और हत्यारों की तलाश होने तक किशोरियों का शव दफनाने नहीं देने की बात कही है। उधर, उत्तर प्रदेश महिला आयोग ने भी इस घटना का संज्ञान ले लिया है। महिला आयोग ने पुलिस से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। यह भी खबर मिली है कि सपा मुखिया अखिलेश यादव बबुराह गांव जाने की तैयारी में हैं। इसके मद्देनजर पुलिस को ज्यादा सतर्क कर दिया गया है।