गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता, पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ ने दिए सख्त निर्देश

-अपराध नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त फोर्स तैनाती पर जोर
-सीसीटीवी, ड्रोन और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपराध पर निगरानी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी 26 जनवरी को राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। मंगलवार को पुलिस कमिश्नर जे.रविन्दर गौड़ ने पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपराध नियंत्रण रणनीति की समीक्षा की गई और हाल में घटित घटनाओं का विश्लेषण कर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उपाय बताए गए। पुलिस कमिश्नर ने रात्रिकालीन गश्त को और सुदृढ़ बनाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स की तैनाती पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में विशेष निगरानी सुनिश्चित की जाए और सभी पुलिस अधिकारी अपनी जिम्मेदारी के प्रति सजग रहें।

बैठक में पुलिस कमिश्नर ने सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपराध नियंत्रण की रणनीति पर भी चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और संगठित अपराधों पर विशेष ध्यान दिया जाए। कमिश्नरेट ने इस अवसर पर विशेष रूप से गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों में आने वाले नागरिकों की सुरक्षा और व्यवस्थित माहौल सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे पुलिस के साथ सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना दें।

बैठक में एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय एवं अपराध केशव चौधरी, एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था एवं यातायात आलोक प्रियदर्शी, डीसीपी सिटी धवल जायसवाल, डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील, डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी एवं अपर पुलिस उपायुक्त सहित समस्त एसीपी उपस्थित रहे। पुलिस कमिश्नर जे.रविन्दर गौड़ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था केवल कागजी नहीं रहनी चाहिए, बल्कि संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात पुलिस फोर्स हर समय सतर्क रहे। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस पर सभी कार्यक्रमों में आने वाले नागरिकों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण देने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।