जिला महिला अस्पताल की सीनियर डॉक्टर एवं वैक्सीनेशन सेंटर प्रभारी डॉ. पवन कुमारी ने कहा वैक्सीन लगाकर ही होगा कोरोना का खतरा दूर

– सीनियर डॉक्टर पवन कुमारी ने की लोगों से जल्द वैक्सीन लगवाने की अपील

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण से बचने का सबसे कारगर उपाय वैक्सीन है। ऐसे में सभी लोग सरकारी निर्देशों एवं कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए वैक्सीनेशन सेंटर पर आयें और वैक्सीन लगवाएं। जिला महिला अस्पताल की सीनियर डॉक्टर एवं वैक्सीनेशन सेंटर प्रभारी डॉ. पवन कुमारी ने लोगों से यह अपील की। डॉ. पवन के निर्देशन में जिला महिला अस्पताल एवं एमएमजी अस्पताल में बनाये गये कोविड वैक्सीनेशन सेंटर पर लोगों को वैक्सीन लगाये जा रहे हैं। प्रतिदिन इन सेंटरों पर लगभग 600 लोगों को वैक्सीन लगाये जाते हैं। दोनों ही सेंटरों पर बड़े ही व्यवस्थित ढ़ंग से लोगों को वैक्सीन लगाये जा रहे हैं। वैक्सीनेशन सेंटर पर तैनात डॉक्टर एवं मेडिकल स्टॉफ खुद को खतरे में डालकर लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए काम कर रहे हैं। लेकिन उनके चेहरे पर शिकन तक नहीं है।
पिछले कुछ दिनों में गाजियाबाद के वैक्सीनेशन सेंटर पर तैनात डॉक्टरों एवं मेडिकल स्टॉफ के साथ बदसलूकी की कई घटनाएं हुई है। इससे वैक्सीनेशन सेंटर पर तैनात डॉक्टर एवं मेडिकल स्टाफ आहत जरूर हैं लेकिन वह क्रोध दिखाने के बजाय लोगों से संयम और कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए वैक्सीन लगवाने की अपील कर रहे हैं। डॉ. पवन कुमारी ने कहा कि वैक्सीनेशन सेंटर पर कई बार लोग डॉक्टरों एवं स्टॉफ के साथ बदसलूकी करते हैं और खुद को प्रभावशाली दिखाने की कोशिश करते हैं। ऐसा करना गलत हैं। बेहद सौम्य एवं मृदुल स्वभाव की डॉक्टर पवन गंभीर होते हुए हुए कहती हैं कि जब कोई व्यक्ति मेडिकल टीम के किसी सदस्य के साथ दुर्व्यवहार करता है तो कष्ट होता है। सभी को समझना चाहिये कि डॉक्टरों एवं स्वास्थकर्मियों का भी परिवार है और उनके भी संक्रमित होने का खतरा है। फिर भी खुद को खतरे में डालकर लोगों को खतरे से बचाने का प्रयास कर रहे हैं। कोई व्यक्ति आकर सीधे अपना मोबाइल फोन थमाकर बात कराने की कोशिश करता है। यह गलत है क्योंकि दूसरों का मोबाइल छूना संक्रमण को बढ़ावा दे सकता है। वैक्सीन के च्वाइस को लेकर डॉ. पवन ने कहा कि लोगों के लिए वैक्सीन लगवाना अधिक जरूरी है। कोविशील्ड और कोवैक्सिन दोनों ही सुरक्षित वैक्सीन हैं और दोनों वैक्सीन कोरोना संक्रमण को रोकने में प्रभावी है। डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ फ्रंट लाइन में काम करते हैं लेकिन इनमें से अधिकांश ने कोविशील्ड वैक्सीन लगवाई है। ऐसे में जो वैक्सीन प्राथमिकता पर मिले उसे तत्काल लगवा लेना चाहिये। वैक्सीन लगवाने के बाद भी दो गज की दूरी और मास्क है जरूरी के नियम का कड़ाई से पालन करना चाहिये। इससे कोरोना संक्रमण को रोकने में सफलता मिलेगी।

स्वास्थकर्मियों को भी है दुख
वैक्सीनेशन सेंटर पर कुछ लोगों द्वारा बदसलूकी किये जाने का स्वास्थकर्मियों को भी दुख है। एएनएम मीना सिंह ने बताया कि इन घटनाओं से बुरा लगता है। पूजा केसरवानी ने कहा कि हम लोग भी अपने घर परिवार को छोड़कर काम पर आते हैं ऐसे में लोगों को समझना चाहिये कि उनका गलत व्यवहार से स्वास्थकर्मी दुखी होंगे। रितु रानी ने कहा कि वैक्सीनेशन सेंटर पर भी कई बार लोग मॉस्क नाक के नीचे कर लेते हैं। ऐसा करना गलत है।