-वृक्षारोपण, नेत्र व स्वास्थ्य जांच शिविर, वृद्धजन सेवा, जरूरतमंदों को चश्मे व वस्त्र वितरण तक- परिषद् के हर कदम में झलकी सेवा भावना
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारत विकास परिषद् ‘संकल्प शाखा’, इंदिरापुरम द्वारा वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. सूरज प्रकाश के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़े का आयोजन किया गया। इस सेवा पखवाड़े में परिषद् ने विभिन्न सामाजिक एवं मानवीय सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया। परिषद् के सचिव अनिल जैन ने बताया कि सेवा पखवाड़े की प्रत्येक गतिविधि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और ज़रूरतमंदों के जीवन में राहत पहुंचाने के उद्देश्य से की गई। परिषद् ने न केवल जरूरतमंदों की मदद की, बल्कि पर्यावरण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी अहम भूमिका निभाई। सेवा पखवाड़े की शुरुआत 8 जुलाई को गाजीपुर स्थित आर्यसमाज की गोशाला में बुजुर्ग व बीमार गायों को हरा चारा खिलाकर और उनकी सेवा कर की गई। इस अवसर पर सदस्यों ने भारतीय संस्कृति में गौमाता के महत्व को दोहराते हुए सेवा का संकल्प लिया। 15 जुलाई को परिषद् के सदस्यों ने चित्रकूट पार्क में पहुंचकर वृक्षारोपण किया और पूर्व में लगाए गए पौधों की देखरेख भी की।
इस अवसर पर परिषद् के कार्यकर्ताओं ने नागरिकों को पेड़ों की सुरक्षा और देखभाल का संदेश भी दिया। 17 जुलाई को परिषद् ने स्थानीय सोसायटियों के निवासियों को लेकर यशोदा मेडिसिटी का भ्रमण कराया। वहाँ मैनेजिंग डायरेक्टर पी. एन. अरोड़ा के साथ एक बैठक आयोजित की गई जिसमें यह चर्चा की गई कि कैसे आम लोग भी ज़रूरतमंद रोगियों की सेवा में सहभागी बन सकते हैं। यह बैठक समाज सेवा की दिशा में एक विचारशील कदम साबित हुई। तेरापंथ प्रोफेशनल फार्म गाजियाबाद के सहयोग से ओम सनराइज इंटरनेशनल स्कूल में नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी आंखों की जांच कराई और जिन्हें ज़रूरत थी उन्हें मुफ्त चश्मे भी वितरित किए गए। यह शिविर नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम बना। सेवा पखवाड़े के तहत सेंट मारिया एकेडमी में एक वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया जिसमें लगभग 225 बच्चों तथा उनके माता-पिता की आंख, दांत और सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई।
इस शिविर का उद्घाटन स्कूल के डायरेक्टर डॉ. एम. के. गर्ग द्वारा किया गया। विशेष चिकित्सकों की टीम ने इस आयोजन में सहयोग किया और बच्चों को उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी दी गई। सेवा पखवाड़े की अंतिम कड़ी के रूप में 23 जुलाई को परिषद् के सदस्य वृद्धाश्रम पहुंचेंगे जहां जरूरतमंद वृद्धजनों को वस्त्र वितरण किया जाएगा। इस आयोजन से न केवल बुजुर्गों को राहत मिलेगी, बल्कि उनके चेहरों पर मुस्कान भी लौटेगी। परिषद् के सचिव श्री अनिल जैन ने कहा कि भारत विकास परिषद् केवल एक संगठन नहीं, बल्कि यह सेवा और संस्कारों का जीवंत प्रतीक है।
सेवा पखवाड़ा हमारे आदर्शों का सजीव उदाहरण है, जिसमें हम हर आयु, वर्ग और क्षेत्र के लोगों को साथ लेकर समाज को बेहतर बनाने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. सूरज प्रकाश जी के जीवन से प्रेरणा लेकर हम निरंतर सेवा कार्यों को विस्तार दे रहे हैं और आगे भी इसी भावना से जुड़े रहेंगे। सेवा पखवाड़े की सफलता में परिषद् के प्रधान श्री अमित शर्मा, सचिव श्री अनिल जैन, वरिष्ठ मार्गदर्शक श्री जय नारायण वत्स, कोषाध्यक्ष श्री सत्यप्रकाश, महिला गतिविधि संयोजिका श्रीमती जया श्रीवास्तव व श्रीमती अनीता वत्स समेत सभी सक्रिय सदस्यों का अहम योगदान रहा।

















