-जिले में कुल 28.37 लाख मतदाता, 9.32 लाख का डिजिटाइजेशन पूरा
-विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर जिला प्रशासन ने कसी कमर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को गति देने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मतदाताओं से अपील की कि अगर उन्हें फॉर्म भरने में कोई समस्या हो रही है तो वे तुरंत अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) या क्षेत्रीय एआरओ से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि गाजियाबाद जिले में कुल 28 लाख 37 हजार 993 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से अब तक 9 लाख 32 हजार 619 का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर किसी मतदाता के पास एसआईआर फॉर्म नहीं पहुंचा है तो वह अपने क्षेत्र के बीएलओ से इसे प्राप्त कर सकता है। प्रवासी या अन्य क्षेत्रों में निवास करने वाले मतदाता अपने पुराने क्षेत्र के बीएलओ से फॉर्म प्राप्त करें, ताकि उनका नाम मतदाता सूची के ड्राफ्ट रोल में सही तरीके से दर्ज हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजनैतिक दलों, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, उद्यमियों और अन्य संगठनों से अपील की गई है कि वे बीएलओ के इस कार्य में सहयोग करें। उन्होंने विशेष रूप से साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख किया, जहां कामगार वर्ग के अधिक रहने के कारण फॉर्म वितरण और संग्रह में चुनौतियां अधिक हैं। ऐसे क्षेत्रों में अतिरिक्त अधिकारी तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा को समय रहते दूर किया जा सके। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान को तेज करने के लिए शनिवार और रविवार को सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे और फॉर्म एकत्र करेंगे। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे इसे अपनी जिम्मेदारी समझें और बीएलओ को फॉर्म भरकर जमा कराएं तथा पावती लेना न भूलें। इस प्रक्रिया में भाग लेकर मतदाता अपने अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बीएलओ द्वारा घर-घर भ्रमण कर निर्वाचकों को गणना प्रपत्र (एसआईआर फॉर्म) वितरित किए गए हैं। इन फॉर्म में पूर्ण विवरण भरकर संबंधित बीएलओ को प्राप्त कराना आवश्यक है।
यदि कोई निर्वाचक फॉर्म भरकर बीएलओ को उपलब्ध नहीं कराता है, तो उसका नाम मतदाता सूची के ड्राफ्ट रोल में शामिल नहीं किया जाएगा। इसके अलावा, पांचों निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों द्वारा जिन बीएलओ के कार्य समय से पूरा नहीं होने की आशंका थी, उन्हें 20-20 बीएलओ गोद लेकर उनके कार्यों में तेजी लाई जा रही है।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि तहसील लोनी में रहने वाले मतदाता लोनी तहसील में बने वीआरसी सेंटर से, तहसील मोदीनगर के निवासी मोदीनगर तहसील में बने वीआरसी सेंटर से और सदर, साहिबाबाद, मुरादनगर या धौलाना क्षेत्रों में रहने वाले मतदाता तहसील सदर में बने वीआरसी सेंटर से अपना गणना प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 18 वर्ष से ऊपर के युवाओं को फार्म-6 भरकर मतदाता पहचान पत्र बनाने के लिए आवेदन करना चाहिए।
मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फार्म-7 और कार्ड अपडेट करने के लिए फार्म-8 भी उपलब्ध हैं। यदि किसी मतदाता को एसआईआर से संबंधित गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है, तो इसे ऑनलाइन भी भरा जा सकता है। जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि इस अभियान में जिले के सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। उनका कहना था कि हर किसी को हर जानकारी नहीं होती, इसलिए जागरूक लोग दूसरों की मदद करें और सुनिश्चित करें कि सभी गणना प्रपत्र समय से भरे और जमा कराए जाएं। इस तरह एसआईआर अभियान शत-प्रतिशत सफल होगा और गाजियाबाद जिले के मतदाता सूची में कोई भी योग्य मतदाता शामिल न होने से वंचित नहीं रहेगा।
















