हल्द्वानी में बहनों का फौजियों को सलाम, राखी के धागों में बंधा देशप्रेम

-‘एक समाज श्रेष्ठ समाज’ संस्था की महिलाओं ने भारतीय सेना के जवानों संग मनाया रक्षाबंधन

उदय भूमि संवाददाता
हल्द्वानी। रक्षाबंधन का त्योहार हर साल भाई-बहन के रिश्ते को मजबूती देता है, लेकिन इस बार हल्द्वानी में शनिवार को यह पर्व एक नई ऊंचाई पर पहुंच गया, जब ‘एक समाज श्रेष्ठ समाज’ संस्था की महिला पदाधिकारी और सदस्य भारतीय सेना के जवानों के बीच पहुंचीं। अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू और सदस्य दिव्यांशी जोशी के नेतृत्व में यह दल हल्द्वानी आर्मी कैंट में दाखिल हुआ, जहां उनका स्वागत गर्व और आत्मीयता के माहौल में हुआ। बहनों ने अपने नन्हें हाथों से तैयार की गई राखियां उन वीर सपूतों की कलाई पर बांधी, जो सीमाओं पर खड़े होकर देश की सुरक्षा की गारंटी बनते हैं। त्योहार की इस अनोखी रस्म के दौरान, आर्मी कैंट का माहौल भावुक हो उठा। जब जवानों की कलाई पर राखी बंधी, तो उनकी आंखों में चमक और मुस्कान थी, लेकिन उस मुस्कान में अपने घर और परिवार की यादें भी छिपी थीं। महिला सदस्यों ने सिर्फ राखी नहीं बांधी, बल्कि मिठाई खिलाकर यह संदेश दिया कि भले ही ये वीर हजारों किलोमीटर दूर अपने परिवार से रहते हों, लेकिन पूरा देश उनके साथ खड़ा है।

संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू और मार्गदर्शक पूर्णिमा रजवार ने कहा कि भारतीय सेना का राष्ट्रहित कार्य इस बात का प्रमाण है कि देश की सुरक्षा सबसे बड़ा धर्म है। हमारे जवान ऊंचे-ऊंचे बर्फीले पहाड़ों पर, रेगिस्तान की तपती रेत में, और कठिन से कठिन परिस्थितियों में अपनी हड्डियां गलाकर, दुश्मन की हर हरकत पर पैनी निगाह रखते हैं। उनके त्याग और बलिदान की वजह से हम अपने घरों में सुरक्षित हैं और हर त्योहार खुशी से मना पाते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर भारतीय का कर्तव्य है कि जवानों का मनोबल बढ़ाने के लिए उनके साथ त्योहार मनाए जाएं। जब हम अपने सैनिक भाइयों के साथ रक्षाबंधन जैसा पर्व मनाते हैं, तो यह न केवल भावनात्मक बंधन को मजबूत करता है, बल्कि देश की स्वतंत्रता को और भी अटूट बना देता है।

इस अवसर पर संस्था की महिला पदाधिकारियों में पूर्णिमा रजवार, योगिता बनोला, मीना जोशी, दिव्यांशी जोशी, पूजा जोशी, रिंकी गुप्ता, अंशिका साहू, धर्मा बिष्ट, रेनू कांडपाल, पूनम गुप्ता, जया जोशी, दीपा रावत, एकता कुमारी और प्रीति गुप्ता शामिल रहीं। सभी ने बारी-बारी से जवानों की कलाई पर राखी बांधी और राष्ट्र की रक्षा के लिए उनके अटूट संकल्प को सलाम किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के कोषाध्यक्ष बलराम हालदार, मनीष साहू, रोहतास प्रजापति, सूरज कुम्हार, दीपक कुमार और मुकेश कुमार का विशेष योगदान रहा। जैसे ही आखिरी राखी बंधी, पूरा कैंट देशभक्ति के गीतों और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। यह रक्षाबंधन सिर्फ एक पर्व नहीं रहा, बल्कि यह बहनों के प्यार और जवानों के बलिदान का ऐसा संगम बन गया, जिसे हल्द्वानी की जनता लंबे समय तक याद रखेगी।