हिंडन खादर में झाडिय़ों के बीच तस्कर कर रहे थे अवैध शराब का निर्माण

-अवैध शराब का धंधा शुरु होने से पहले ही चला आबकारी विभाग का डंडा
-कच्ची शराब तैयार होने से पहले ही आबकारी विभाग ने लहन से भरे ड्रम को किया नष्ट

उदय भूमि
गाजियाबाद। दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही एक और हिंडन खादर क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार में शामिल तस्करों ने अपने धंधे को जमाना शुरु कर दिया है तो वहीं आबकारी विभाग की टीम भी धंधे जमने से पहले ही उजाड़ने का काम रही है। गाजियाबाद के हिंडन खादर क्षेत्र में शराब तस्करों के लिए अवैध शराब का धंधा करना इतना मुश्किल हो गया है कि शराब के अवैध धंधे में आबकारी विभाग की टीम उन्हें मात दे रही है। दिवाली का त्योहार आते ही एक नई उम्मीद के साथ शराब तस्करों ने हिंडन के खादर क्षेत्र में शराब की भट्टी जलानी शुरु कर दी है। शराब की भट्टी जलते ही उसका धुंआ चुगली करने का काम कर रहा है। अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग की टीमें तो अपनी निगाह बनाए हुए है तो वहीं ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी अब आबकारी विभाग की कार्रवाई में अपना सहयोग करते दिखाई दे रहे है। शराब तस्करों को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए ग्रामीण लोग अवैध शराब से संबंधित सूचना विभाग को दे रहे है। जिस पर आबकारी विभाग को भी कार्रवाई करने में आसानी हो रही है।

मगर आबकारी विभाग की टीम के पहुंचने से पहले शराब तस्कर फरार हो जाते है। अभी तक की कार्रवाई में हिंडन क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार आबकारी विभाग की गिरफ्त से दूर है। क्योंकि आबकारी विभाग की टीमें कटीले रास्तों के बीच होकर जब तक शराब की भट्टी तक पहुंच पाती है, उससे पहले ही तस्कर हिंडन किनारे से होते हुए फरार हो जाते है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने एक बार फिर हिंडन खादर क्षेत्र में दबिश देकर शराब तस्करों के धंधे को जमने से पहले ही उजाड़ दिया। इस दौरान टीम को ज्यादा तो नहीं मगर कम मात्रा में लहन बरामद हुआ है। शराब बनने से पहले ही लहन को मौके पर नष्ट कर दिया। आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक द्वारा की जा रही कार्रवाई से एक चीज तो साफ होती नजर आ रही है कि हिंडन खादर में अवैध शराब का कारोबार करने वाले कारोबारी की माली हालत बिगड़ती नजर आ रही है। अवैध शराब के निर्माण में उपयोग होने वाले साधन खरीदने के लिए पैसे कम पड़ गए है। जिस हिंडन खादर क्षेत्र में दबिश के दौरान हजारों लीटर कच्ची शराब और किलोग्राम की मात्रा में लहन एवं एक-दो दर्जन ड्रम बरामद होते है अब वही सिमट कर एक दो पर आ गए है।

जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना टीला मोड़ क्षेत्र में अवैध रुप से शराब का निर्माण हो रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा की टीम गठित की गई और टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए थाना टीला मोड़ के अंतर्गत रिस्तल एवं भनेडा के हिंडन खादर क्षेत्र में दबिश दी। दबिश के दौरान 200 किलोग्राम लहन से भरा ड्रम बरामद हुआ और किसी भी प्रकार की अवैध मदिरा बरामद नहीं हुई। लहन को मौके पर नष्ट करते हुए आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओ के तहत 1 अभियोग पंजीकृत किया गया। शराब तस्करों पर कार्रवाई के लिए टीमें लगातार दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई कर रही है।

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ लोगों को जागरुक करने का काम जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में किया जा रहा है। ग्रामीण लोग भी जागरुक हो रहे है और उनके आसपास होने वाली अवैध शराब की सूचना विभाग को दी जा रही है। शराब तस्करों ने विभाग की कार्रवाई से बचने के लिए लहन से भरे ड्रम को झाडिय़ों के बीच में गड्ढा खोदकर छिपाया हुआ था। अवैध शराब के खिलाफ टीम लगाातार कार्रवाई कर रही है। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए है।