दीवाली से पहले 7000 लाईटों से सभी वार्ड होंगे रौशन: सुनीता दयाल

महापौर ने प्रकाश विभाग के साथ बैठक कर तैयारी की कार्ययोजना
गाजियाबाद। नगर निगम की ओर से स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने नई लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। निगम का उद्देश्य दिवाली से पहले शहर में बंद पड़ी लाइटों को ठीक करने और नई लाइटों से सड़कों को रोशन करना है। त्योहारी का सीजन शुरु हो गया है और त्योहारों को रौशनी से जगमगाने के लिए नगर निगम की ओर से की जा रही कवायद तेज हो गई है। महापौर सुनीता दयाल ने निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर के सभी वार्डों में प्रकाश व्यवस्था की रूपरेखा तैयार कराई है। महापौर ने बताया कि दीपावली से पहले पहले चरण में शहर में 2000 लाईटें और दूसरे चरण में 5000 लाईटें लगाए जाने की तैयारियां शुरू हो गई। शहर के सभी 100 वार्डों में 7000 लाईटे लगाई जाएंगी। जिससे कि सभी वार्डों में प्रकाश व्यवस्था सुचारू हो सकेगी। उन्होंने बताया कि खराब लाइटों को ठीक करने की भी तैयारी की जा चुकी है। ताकि किसी भी वार्ड में रात में अंधेरा न रह सके।
महापौर की अध्यक्षता में पिछले दिनों 15वें वित्त आयोग की बैठक हुई थी। जिसमें शहर में प्रकाश व्यवस्था के लिए लगभग 5.5 करोड़ रुपए का बजट पास किया था। जिसमें शहर में लाईटें लगाने का कार्य भी शामिल था। उक्त कार्य पर अब अमल होना शुरू हो जाएगा। दीपावली से पहले शहर लाईटों से चाक-चौबंद हो जाएगा। महापौर ने बताया कि शहर में तेजी के साथ प्रकाश व्यवस्था को सुचारू करने का कार्य शुरू होगा।उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में एक समान कार्य भी होगा। पार्षदों को भी अवगत कराया कराया गया है कि वह अपने-अपने वार्डों में जहां लाईटें खराब है और जहां नई लाईटें लगनी है। वह स्थान चिन्हित कर लें। जिससे आसानी से समय रहते वार्डों में लाइटों को लगाने का कार्य पूरा हो सकें।