गाजियाबाद। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत जनपद में 2 लाख घरों पर ग्रिड संयोजित सोलर रूफटॉप पावर प्लांट संयंत्र लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मंगलवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में सोलर प्रकोष्ठ की बैठक हुई। सीडीओ ने बताया कि योजना के तहत जनपद में 2 लाख घरों पर ग्रिड संयोजित सोलर रूफटॉप पावर प्लांट संयंत्र लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी वेंडरों की समस्याओं के संबंध में वेंडरों से जानकारी चाही। पीयूष साहू ने अवगत कराया कि अनुदान की धनराशि भारत सरकार एवं राज्य सरकार की सब्सिडी विलंब से प्राप्त होती है,जिससे लाभार्थी चयन में विलंब होता है। राज्य की सब्सिडी केंद्र सरकार की सब्सिडी के पहले ही उपलब्ध कराया जाना प्रस्तावित है।
मीटर रीडर द्वारा सोलर बिल की रीडिंग सही से नहीं की जाती है। जिससे लाभार्थी का बिल गलत हो जाता है। नेट मीटरिंग करने में विद्युत विभाग द्वारा समय लगाया जाता है। जिससे कार्य कराने में विलंब होता है। मीटर रीडरों को समुचित प्रशिक्षण दिलाया जाए। इस प्रकार अन्य वेंडरों द्वारा भी अपने सुझाव एवं समस्याओं से अवगत कराया। सीडीओ ने वरिष्ठ परियोजना अधिकारी यूपीनेडा को निर्देश दिए कि विद्युत विभाग से समन्वय करते हुए सभी सुझाव एवं शिकायत का निस्तारण कराया जाए।
विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि मीटर टेस्टिंग की व्यवस्था शीघ्र ही आरंभ की जाए। जिससे मीटर टेस्टिंग की समस्या का निस्तारण हो सके। उन्होंने अगली बैठक समय से कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अमर सिंह, सुनील कुमार, वरिष्ठ परियोजना अधिकारी यूपीनेडा आलोक त्रिपाठी, सहायक अभियंता विद्युत राजकुमार भारती,उमेश अग्रवाल, दिव्य सोलर पावर से अनुराग श्रीवास्तव, अरविंद कुमार शर्मा, चमन झा, आशुतोष शर्मा, संदीप त्रिपाठी, विकास साहू आदि उपस्थित रहे।
















