उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। बीती रात आए तेज आंधी-तूफान ने कौशांबी क्षेत्र में जमकर कहर बरपाया। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों व बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे इलाके में भारी अव्यवस्था पैदा हो गई। जयपुरिया एनक्लेव सोसायटी में एक पेड़ के बिजली तारों पर गिर जाने से पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही और निवासी अंधेरे में रहने को मजबूर हुए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार सुबह पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क साधा और तत्काल सहायता की मांग की। उनके प्रयासों के फलस्वरूप नगर निगम के उद्यान विभाग के कर्मचारी बच्चन पाल और विनोद तथा बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर पेड़ों को हटाने का कार्य शुरू किया। तत्परता से की गई कार्यवाही के बाद इलाके में बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
आंधी-तूफान का प्रभाव केवल जयपुरिया एनक्लेव तक सीमित नहीं रहा। कौशांबी के हिमगिरी टावर के ए ब्लॉक, राधाकृष्ण लाइन और सतपुड़ा क्षेत्रों से भी पेड़ गिरने की शिकायतें प्राप्त हुईं। नगर निगम के कर्मचारी लगातार फील्ड में डटे रहे और रात-दिन पेड़ों की कटाई कर मार्ग एवं बिजली आपूर्ति को सामान्य करने में जुटे रहे। इस मौके पर जयपुरिया एनक्लेव के अध्यक्ष के. एल. सचदेवा, महामंत्री शोभा रानी, रानी बरनवाल, समाजसेवी एस. आर. सिंह, पवन गुप्ता, अजय गुप्ता, विजय कुमार, सुधीर बंसल, विनीत कपूर, मनीष गोयल, टी. आर. डबराल, रेनू मल्होत्रा सहित हिमगिरी टावर के महासचिव मुकुल गुप्ता भी मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की त्वरित कार्यवाही की सराहना की और आपात परिस्थितियों में जिम्मेदार रवैया अपनाने के लिए नगर निगम एवं बिजली विभाग का आभार जताया।

















