सुंदरदीप वर्ल्ड स्कूल ने धूमधाम से मनाया स्थापना दिवस, मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। डासना स्थित सुंदरदीप वर्ल्ड स्कूल ने मंगलवार को अपने स्थापना दिवस को बड़े ही उत्साह और गरिमामय ढंग से मनाया। इस खास मौके पर विद्यालय प्रांगण में भव्य आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल के पूर्व छात्रों की भी सक्रिय भागीदारी रही। उनका पुनर्मिलन इस समारोह को और भी खास बना गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों का सम्मान समारोह। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को उनकी मेहनत और उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया, जिससे अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिली। समारोह के मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव थे।

उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक माहौल की सराहना करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और सम्मानित छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों में एस.डी.जी.आई ग्लोबल यूनिवर्सिटी के चांसलर महेंद्र अग्रवाल, सुंदरदीप ग्रुप के उपाध्यक्ष अखिल अग्रवाल, मोनिका अग्रवाल, शैली अग्रवाल, नेहा, एस.जी.यू.के वाइस चांसलर प्रो. डॉ. प्रसनजीत कुमार सिंह, प्रो-वाइस चांसलर (एडमिन) पीयूष श्रीवास्तव, रजिस्ट्रार और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

प्री-प्राइमरी स्कूल्स और विभिन्न सोसाइटीज के हेड्स की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। पूर्व छात्रों ने अपने स्कूल के दिनों की यादें साझा की और वर्तमान छात्रों के साथ अनुभवों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने विद्यालय की प्रगति और उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सपना अहलावत ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और छात्रों का आभार प्रकट किया। उन्होंने विद्यालय की आगामी योजनाओं की जानकारी दी और छात्रों को मेहनत व लगन से अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।