सिरसा से आगे 130 मीटर रोड बनाने के लिए सर्वे शुरू, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम

-ग्रेटर नोएडा को नोएडा एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण 130 मीटर चौड़ी सड़क को आगे बढ़ाते हुए यमुना क्षेत्र तक ले जाने की तैयारी में है। इसके लिए सिरसा से आगे करीब 7 किलोमीटर लंबी नई सड़क का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके लिए सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है।

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, सर्वे पूरा होने के बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सहयोग से 130 मीटर रोड को ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के नीचे से निकालने के लिए अंडरपास भी बनाया जाएगा। साथ ही एक्सप्रेसवे पर चढ़ने और उतरने के लिए दो-दो रैंप तैयार किए जाएंगे।

इस परियोजना के पूरा होने से गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी। यह सड़क यमुना सिटी के सेक्टरों को भी सीधे एयरपोर्ट से जोड़ेगी और भविष्य में प्रस्तावित खुर्जा-पलवल मार्ग से भी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।

वहीं यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण भी अपने क्षेत्र में 130 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण करेगा। यह सड़क अलौदा गांव के पास ग्रेटर नोएडा की सड़क से जुड़ेगी। करीब 25 किलोमीटर लंबी इस सड़क के लिए लगभग 812 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी, जिस पर करीब 1400 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह छह लेन की सड़क चरणबद्ध तरीके से बनाई जाएगी, जिसमें पहले चरण में एयरपोर्ट से ग्रेटर नोएडा की ओर 5 किलोमीटर का हिस्सा विकसित किया जाएगा।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि परियोजना का सर्वे कार्य जारी है और जल्द ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस नई कनेक्टिविटी से पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।