टीबी मुक्त अभियान: 24 ग्राम पंचायतों के प्रधान को किया सम्मानित

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त अभियान के तहत वर्ष-2024 में टीबी मुक्त घोषित जनपद की 24 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान सीडीओ ने बताया कि सम्मानित किए गए इन ग्राम प्रधानों में गांव डिडौली, बहादुरपुर, बंदीपुर, फिरोजपुर, ग्यासपुर, मतौर ब्लॉक, ढिंढ़ार, कुम्हेड़ा, शहजादपुर, सुराना, मकरेड़ा, दौसा, काजमपुर, चित्तौड़ा, नूरपुर, असदपुर नागल, मेवला भटटी, मुर्तजाबाद भूपखेड़ी, भनेड़ा खुर्द, महमूदपुर, याकूतपुर मवी, भिक्कनपुर, शमशेर, मथुरापुर शामिल हैं।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने सभी ग्राम प्रधानों एवं सामाजिक संस्था प्रतिनिधियों का स्वागत किया। मुख्य विकास अधिकारी ने टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों की प्रशंसा करते हुए अपेक्षा की कि सभी ग्राम प्रधान अपने निकट की 5 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त होने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 142 ग्राम पंचायतों के साथ-साथ नगरीय इकाइयों को टीबी मुक्त करना जनपद प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए सभी का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

सीडीओ ने बताया कि 100 दिवसीय विशेष टीबी खोज अभियान के अंतर्गत जनपद की कुल 6,24,797 आबादी को लक्षित किया गया था। इसके सापेक्ष अभियान के तहत कुल 7,97,869 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जो लक्ष्य का 130 प्रतिशत है। अभियान के अंतर्गत कुल 10,057 लोगों की नाट के माध्यम से जांच की गई, 5,875 लोगों की माइक्रोस्कॉपी की गई एवं 35,130 व्यक्तियों की एक्स-रे जांच की गई। इस दौरान कुल 6,242 नए रोगी खोजे गए। अभियान में जनपद के यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा एक मोबाइल एक्स-रे वैन उपलब्ध कराई गई, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में क्षय रोगियों को एक्स-रे जांच की सुविधा उनके घर के पास ही मिली।

मुख्य विकास अधिकारी ने यशोदा हॉस्पिटल की सराहना की। रहम फाउंडेशन की अमिता महेंद्र द्वारा क्षय रोग विभाग को एक पोर्टेबल मोबाइल एक्स-रे मशीन दान की जा रही है, जिसके लिए उन्हें धन्यवाद दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों को उत्कृष्ट कार्य एवं सहयोग के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित किए गए व्यक्तियों में रहम फाउंडेशन से डॉ. धीरज भार्गव, डॉ. अमिता महेंद्र, रेड क्रॉस सोसाइटी से सुभाष गुप्ता, साथी फाउंडेशन से काजल छिब्बर, रेडिको खेतान से सुनील शर्मा, यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल कौशांबी के डॉक्टर शामिल रहे। कार्यक्रम में जिला क्षय रोग विभाग के पीपीएम कोऑर्डिनेटर दीपाली गुप्ता, प्राणेश कुमार दुबे, नीरज शर्मा, शुभम कुमार, राजे सिंह तथा वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर संस्था से मोहम्मद आलम सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।