शिक्षक ज्ञान, समृद्धि व प्रकाश का बड़ा स्त्रोत: अभिनव गोपाल

-बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने की जनपद को सर्वप्रथम निपुण बनाने की अपील
-सीडीओ ने सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रतीक देकर किया सम्मानित

गाजियाबाद। विकास भवन दुर्गावती देवी सभागार में गुरुवार को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में कोई ना कोई शिक्षक प्रेरणा स्रोत के रूप में अवश्य होता है। इस अवसर पर उन्होंने अपने शिक्षकों को स्मरण करते हुए अपनी सफलता का श्रेय उनको देते हुए उनको नमन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक होना कोई व्यवसाय नहीं है, बल्कि कल के लिए सभ्य समाज को तैयार करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। गुणवत्तापूर्ण प्रतिभाओं के विकास में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। शिक्षक समाज के प्रमुख नागरिक हैं।

माता-पिता एक बच्चे को जन्म देते हैं जबकि शिक्षक उस बच्चे के व्यक्तित्व को गढ़ते हैं और उसे उज्ज्वल भविष्य प्रदान करते हैं। शिक्षा के अलावा, शिक्षक बेहतर इंसान बनने के लिए मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और प्रेरणा देने के लिये हर कदम पर हमारे साथ खड़े रहते हैं। शिक्षक ज्ञान और बुद्धि का स्रोत हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए जनपद गाजियाबाद मे शिक्षकों को बच्चों की उपस्थिति 90 प्रतिशत करने एवं अपने जनपद को सर्वप्रथम निपुण बनाने की अपील की।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बेसिक शिक्षा परिषद विद्यालयों में अध्यनरत छात्र-छात्राओं की सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय परिवेश व शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार के दृष्टिगत सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रतीक देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जनपद एवं ब्लॉक की अकादमिक टीम को बच्चों के समग्र विकास में उत्कृष्ट समर्पण और योगदान के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी जमुना प्रसाद, सर्वेश कुमार, जिला समन्वयक डॉ राकेश शर्मा, अरविंद शर्मा व रुचि त्यागी उपस्थित रहे। मंच संचालन एसआरजी पूनम शर्मा जी द्वारा किया गया।