-हरियाणा शराब समेत केयरटेकर गिरफ्तार
उदय भूमि
गाजियाबाद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब समेत एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर हरियाणा की सस्ती शराब को ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में बेचकर कमाई करता था। कम समय में अधिक कमाई करने के लालच में अक्सर लोग अपराध की ओर कदम रख रहे है। शुरू में यह कमाई तो अच्छी लगती है, मगर पकड़े जाने पर समाज में इज्जत जाने के साथ-साथ कमाई का जरिया भी बंद हो जाता है। आबकारी विभाग की टीम द्वारा पकड़े गए तस्कर के कारनामें भी कुछ ऐसे ही थे। जो कि मैरिज हॉल में केयरटेकर का काम करता था। शादी, पार्टी विवाह में पहले तो वह आयोजकों हरियाणा शराब बेचता था। मगर जब सीजन ऑफ हो जाता तो कमाई कम होने लगी। शादी-पार्टी से शुरू हुए शराब तस्करी का खेल फिर दिन प्रतिदिन चलने लगा। इसके बाद हरियाणा से शराब लेकर दिल्ली के रास्ते ट्रोनिका सिटी (गाजियाबाद) की सीमा में लेकर आ जाता और उसे मैरिज हॉल में छिपा देता था। धीरे-धीरे क्षेत्र के लोगों से संपर्क करना शुरू कर दिया। उसके बाद हरियाणा शराब की बोतल पर 100 रुपये अतिरिक्त लेकर बेचने लगा।
जिसमें प्रतिदिन दो से तीन हजार रुपये की कमाई होने लगी। लेकिन जैसे शराब तस्करी की खबर आबकारी विभाग को लगी तो उसे पकड़ने के लिए आबकारी विभाग ने अपना जाल बिछा दिया। कुछ दिन शराब तस्करों को रंगेहाथ पकड़ने के लिए काफी मशक्कत की मगर रंगेहाथ पकड़ा नहीं गया। जिसके बाद शुक्रवार तड़के फिर से आबकारी विभाग की टीम मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर सिविल वर्दी में पहुंच गई। जैसे मैरिज हॉल पर शराब लेने के लिए लोगों का आना जाना शुरू हुआ तो तस्कर को रंगेहाथ दबोच लिया। जिसके कब्जे से हरियाणा मार्का की अवैध शराब बरामद किया गया। पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह मैरिज हॉल की देखरेख करता है। मालिक बाहर रहते है, इसी का फायदा उठाकर वह शराब तस्करी करता था। पहले शादी-पार्टी के आयोजन में शराब तस्करी करता था, मगर जब सीजन ऑफ हो गया तो माह में चार बार हरियाणा जाकर वहां से शराब लाकर क्षेत्र में 100 रुपये अतिरिक्त बोतल को बेचता था। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त तस्कर भले ही पुलिस की नजर से बच सकते है। मगर आबकारी विभाग की नजर से बचना बेहद मुश्किल नजर आ रहा है। क्योंकि जनपद गाजियाबाद में शराब तस्करों पर नजर रखने के लिए आबकारी विभाग की टीम के साथ उनके मुखबिर तंत्र भी पूरी तरह से सक्रिय है। जो गली-गली घूमकर शराब तस्करी करने वालों पर अपनी नजर बनाए हुए है।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में लगातार दबिश एवं चेकिंग कर रही है। साथ ही रात होने के बाद भी खुले में शराब पीने वाले और शराब तस्करी करने वालों के खिलाफ छापेमारी की कार्रवाई जारी है। शुक्रवार तड़के आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा की टीम द्वारा थाना ट्रोनिका सिटी के अंतर्गत मीरपुर हिंदू गांव में राजकुमार भगतजी वाटिका नाम के मैरिज हाल में दबिश दी गई। दबिश के दौरान शराब तस्करी कर रहे राजीव कुमार पुत्र ब्रह्म जीत निवासी नानू नियर बिजली घर ट्रोनिका सिटी को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से नाइट ब्लू अंग्रेजी शराब हरियाणा मार्का की 22 बोतल बरामद किया गया। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया। भले ही उक्त शराब की कीमत करीब 10 से 12 हजार रुपये हो, मगर उसी शराब को बेचकर कम से कम वह 15 से 16 हजार रुपये में बेचता था। पकड़ा गया तस्कर राजकुमार भगतजी वाटिका नाम के मैरिज हाल में केयरटेकर का काम करता था। जो हरियाणा से शराब खरीद कर उसी शराब को क्षेत्र में महंगे दामों में बेचता था।
हरियाणा शराब की बोतल को राजकुमार भगतजी वाटिका नाम के मैरिज हाल में रखें टेंट के सामान के बीच मेंं छिपाकर रखता था। जिससे कोई आसानी से पकड़ न सकें। उन्होंने बताया कुछ दिन पूर्व मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए तस्कर को रंगेहाथ पकड़ने के लिए टीम गठित की गई। जिले में अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही आबकारी निरीक्षकों को भी सख्त निर्देश दिए गए है कि अपने-अपने क्षेत्र में अभियान चलाकर कार्रवाई करें और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय रखें। बाहरी राज्यों की शराब तस्करी करने वाले और क्षेत्र में रात होने पर लाइसेंसी शराब की दुकानों से शराब खरीद कर तस्करी करने वालों पर नजर रखें। जिले में अवैध शराब का कारोबार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं होगा। साथ ही शराब की दुकानों पर भी लगातार गुप्त टेस्ट परचेजिंग कराते रहे। जिससे ओवर रेटिंग की शिकायतों पर भी रोक लग सकें।


















