-एसीपी की रणनीति से पुलिस टीम ने बचाई जान, एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल
-चोरी की बाइक, अवैध तमंचा, 34 हजार नकदी और एटीएम कार्ड बरामद
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस टीम ने सोमवार देर रात एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के नेतृत्व में की गई सटीक रणनीति और तेज कार्रवाई के दम पर एक कुख्यात अपराधी को देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस सफलता ने न केवल अपराधियों की हिम्मत तोड़ी बल्कि यह भी साबित कर दिया कि गाजियाबाद पुलिस अपराध के खिलाफ किसी भी हाल में पीछे नहीं हटती। सोमवार रात करीब 11:30 बजे, चिपियाना अंडरपास के नीचे बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि बिना नंबर प्लेट की पैशन प्रो बाइक पर सवार दो अपराधी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एसीपी प्रियाश्री पाल ने तत्काल एक और चेकिंग प्वाइंट एबीईएस कॉलेज के सामने लगाने का निर्देश दिया। जैसे ही संदिग्ध बाइक सवार पहुंचे और रुकने का इशारा किया गया, उन्होंने बाइक की स्पीड बढ़ाकर एबीईएस की तरफ मोड़ ली।
वहां दूसरी टीम को देखकर वे कच्चे रास्ते की ओर भागे, लेकिन बारिश और कीचड़ की वजह से बाइक फिसल गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश वकील उर्फ रिजवान के पैर में गोली लगी। मौके से उसका साथी मुस्तकीम भी दबोच लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि रिजवान के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। घटना स्थल से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की गई मोटरसाइकिल, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, 34,000 नकद और एक सफेद धातु का कड़ा बरामद किया।
घायल बदमाश को उपचार के लिए सीएससी भेज दिया गया। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने कहा कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई करेगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को सख्त नतीजे भुगतने होंगे। हमारी प्राथमिकता जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हम हर चुनौती का सामना करने को तैयार हैं। इस पूरी कार्रवाई में एसीपी प्रियाश्री पाल का तेज निर्णय, सटीक प्लानिंग और मौके पर मौजूद पुलिस टीम के साथ बेहतरीन तालमेल ही सफलता की असली वजह रही। यह ऑपरेशन गाजियाबाद पुलिस की सक्रियता और पेशेवर कार्यशैली का उदाहरण बन गया है।
















