-राज्यमंत्री कविनगर रामलीला मैदान में मेला व प्रदर्शनी अवलोकन करने पहुंचे
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार कीÓसेवा, सुरक्षा व सुशासन नीतिÓके 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य मेंÓउत्कर्ष के 8 वर्ष थीम पर कविनगर स्थित रामलीला मैदान में दूसरे दिन बुधवार को मेला व प्रदर्शनी भव्य रूप में देखी गई। बुधवार को मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास विभाग के राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने रामलीला मैदान में पहुंचकर जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा कराए गए विकास कार्यों की प्रदर्शनी व स्टाल का दृश्यावलोकन किया। इस दौरान धौलाना विधायक धर्मेश तोमर, मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू सिवाच, जितेंद्र चित्तौड़ा, सुधीर चौधरी, सेठपाल प्रगतिशील किसान सहित अन्य गणमान्य अतिथियों के आगमन पर जिलाधिकारी दीपक मीणा एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल, उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान,उप निदेशक कृषि रामजतन मिश्र आदि अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
बुधवार को मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने सेवा, सुरक्षा और सुशासन के 8 वर्ष पूर्ण किए हैं। इसके लिए सभी को हार्दिक शुभकामनाऐं प्रेषित करता हूं। बीमारू प्रदेश कहलाने वाला प्रदेश आज उत्तम प्रदेश कहलाया जाता है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार हर वर्ग, हर व्यक्ति के हित में कार्य करने के लिए संकल्पबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 तक जिस प्रदेश की पहचान अपराधिक राज्य में होती थी,आज उसे भारत का ग्रोथ इंजन कहा जाता है। भाजपा सरकार से पूर्व की सरकार ने किसानों, गरीबों सहित संपूर्ण जनता का शोषण किया। लेकिन भाजपा सरकार ने हर वर्ग का ध्यान रखते हुए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की और उन्हें शत-प्रतिशत धरातल पर उतारने का कार्य किया है। किसानों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान का ध्यान रखते हुए किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड,फसल बीमा सहित अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं।
पहले किसानों को गन्ना भुगतान समय पर नहीं होता था और किसान भाई परेशान रहते थे किन्तु अब सरकार के निरंतर प्रयास से किसानों का भुगतान अधिकांश जनपदों में समय पर हो रहा है। किसानों से अब फसल को डायरेक्ट खरीदा जा रहा है,जिससे किसानों को लाभ हो रहा है। इसके साथ ही कृषि के लिए किसानों को नि:शुल्क सिंचाई और नि:शुल्क विद्युत सप्लाई दी जा रही है। कृषि के दौरान आने वाले हर समस्या का समाधान किया जा रहा है साथ ही किसान भाईयों को भी जागरूक किया जा रहा है। डबल इंजन की सरकार हर वर्ग के हित में कार्य करने के लिए संकल्पबद्ध है। राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कृषि विभाग,सोलर एनर्जी,पशुपालन विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए। इस दौरान अधिकारियों, किसानों सहित बड़ी संख्या में जनपदवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील किसान असीम रावत (गौ पालक) द्वारा अपने अनुभव एवं सरकार से मिले सहयोग से उपस्थित लोगों को अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा किसानों को मान-सम्मान,सुविधा, सुरक्षा एवं पूर्ण सहयोग किया जा रहा है। मोदीनगर विधायक डॉ.मंजू सिवाच ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश अपराधिक वारदातों के लिए प्रसिद्ध था। लेकिन योगी की सरकार में अब हर क्षेत्र में विकास के लिए प्रसिद्ध है। योगी महाराज के राज में हमारी मां, बहनें, बेटियां नि:संकोच व निडर होकर अपने स्कूल, कॉलेज, बाजार एवं अपने कार्यों पर जाती हैं और यात्रा करती हैं। योगी की नीतियों ने युवाओं को रोजगार लेने वाला नहीं अपितु रोजगार देने वाला बना दिया और निरंतर इस ओर कार्यरत है।
किसानों के हितों के लिए डबल इंजन की सरकार द्वारा अनेकों कार्य करते हुए योजनाएं संचालित की हैं। किसान डबल इंजन की सरकार में समृद्ध व खुशहाल हैं। धौलाना विधायक धर्मेश तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने हर क्षेत्र में विकास तो किया ही है,साथ ही उत्तर प्रदेश को अपराध मुक्त भी बनाया है। उत्तर प्रदेश में अगर किसी सरकार ने अपराध पर अंकुश लगाया है तो वह योगी की सरकार है। डबल इंजन की सरकार ने हर वर्ग-हर व्यक्ति के लिए कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा है। हमारी सरकार ने बीमारू प्रदेश को उत्तम,उन्नत प्रदेश बनाया है।


















