हम-तुम रोड का बदलेगा भाग्य, 31.17 करोड़ की लागत से राजनगर एक्सटेंशन को मिलेगा नया जीवनमार्ग

-जीडीए ने किया सर्वे फाइनल, जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की अगुवाई में बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण को मिलेगी रफ्तार

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन के विकास में मील का पत्थर साबित होने वाली हम-तुम रोड अब बदहाल हालात से बाहर निकलने को तैयार है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इस 2700 मीटर लंबी सड़क के पुनर्निर्माण का सर्वे कार्य पूरा कर लिया है। इस रोड का कायाकल्प अब 31.17 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से किया जाएगा। यह सिर्फ एक सड़क निर्माण नहीं बल्कि हजारों निवासियों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की प्राथमिकता में शामिल यह परियोजना राजनगर एक्सटेंशन के ट्रैफिक सिस्टम और शहरी बुनियादी ढांचे में नई जान फूंकने वाली है। यह सड़क दिल्ली-मेरठ मार्ग को जीडीए की महत्वपूर्ण आउटर रिंग रोड से जोड़ती है और इसकी उपयोगिता व सामरिक महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है।

यही नहीं, इस रोड के दोनों ओर निलाया ग्रीन, मिडोस विस्टा, दिया ग्रीन, महक जीवन, मोती रेजीडेंसी जैसी दर्जनों हाउसिंग सोसायटियां स्थित हैं, जिनमें हजारों की संख्या में परिवार निवास करते हैं। हम-तुम रोड की हालत लंबे समय से बदतर बनी हुई थी। बड़े-बड़े गड्ढों और खराब जल निकासी व्यवस्था के कारण स्थानीय निवासी कई बार विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। उनकी मांग थी कि सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए। अब जीडीए की इस परियोजना से उनकी वर्षों पुरानी मांग पूरी होती दिख रही है। बुधवार को जीडीए के सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला और भू-अर्जन अनुभाग की टीम ने स्थल निरीक्षण कर टोटल स्टेशन सर्वे (ञ्जस्स्) को अंतिम रूप दिया। अब जल्द ही किसानों की सहमति से भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया, पिलर चिन्हांकन और आमजन से सुझाव/आपत्ति प्राप्त करने की कार्यवाही शुरू की जाएगी।

हरनंदीपुरम टाउनशिप और स्मार्ट कनेक्टिविटी
इस परियोजना के महत्व को इस बात से भी समझा जा सकता है कि जीडीए हम-तुम रोड के आसपास ‘हरनंदीपुरम’ नामक एक आधुनिक टाउनशिप की योजना भी बना रहा है। ऐसे में इस सड़क का विकास न केवल वर्तमान की समस्याओं का समाधान करेगा, बल्कि भविष्य की आवासीय और वाणिज्यिक जरूरतों को भी मजबूत आधार प्रदान करेगा।

इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में जीडीए की नई सोच
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण अब पारंपरिक विकास दृष्टिकोण से हटकर लंबी अवधि की प्लानिंग और स्थायी समाधान की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हम-तुम रोड की यह परियोजना इसका जीवंत उदाहरण है। एक ओर जहां यह सड़क राजनगर एक्सटेंशन की ट्रैफिक व्यवस्था को सुलभ बनाएगी, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में निवेश और संपत्ति मूल्यों को भी नया आयाम देगी।

जनता को मिलेगा फायदा
• गड्ढा मुक्त सड़क और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम
• सोसायटियों को सीधे कनेक्टिविटी
• भविष्य में स्मार्ट सिटी से जुड़ाव की संभावनाएं
• हरनंदीपुरम टाउनशिप से बेहतर सुविधाएं और रोजगार अवसर

अतुल वत्स
जीडीए उपाध्यक्ष

हम-तुम रोड के पुनर्निर्माण को प्राधिकरण ने प्राथमिकता में लिया है। यह सड़क राजनगर एक्सटेंशन की जीवनरेखा बन सकती है, इसलिए इसके निर्माण में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। हमने सर्वे का कार्य फाइनल कर लिया है और जल्द ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस परियोजना के माध्यम से न केवल ट्रैफिक समस्या का समाधान होगा, बल्कि क्षेत्र के हजारों निवासियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। हमारा लक्ष्य है कि गाजियाबाद की सड़कों को बेहतर बनाकर एक स्मार्ट और सुव्यवस्थित शहर की नींव रखी जाए।
अतुल वत्स
उपाध्यक्ष, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण।