राजनगर एक्सटेंशन में चला जीडीए का बुलडोजर, अतिक्रमण पर कार्रवाई से मचा हड़कंप

-45 मीटर चौड़ी प्रस्तावित सड़क पर अतिक्रमण हटाया, जल्द 60 मीटर चौड़ी सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण की तैयारी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में बुधवार को अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जे हटाए। मेरठ रोड से शुरू होने वाली प्रस्तावित 45 मीटर चौड़ी सड़क पर अतिक्रमण कर बनाए गए ढांचे ध्वस्त किए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन में यातायात जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पूर्व में प्रस्तावित 45 मीटर चौड़ी सड़क को अब 60 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए किसानों से जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक हित में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई जीडीए प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला, अवर अभियंता महेंद्र कुमार और प्रवर्तन टीम द्वारा की गई, जिसमें जीडीए पुलिस बल व नंदग्राम थाने की फोर्स मौजूद रही। वीवीआईपी सोसाइटी के पीछे स्थित केडब्ल्यू सृष्टि सोसाइटी के समीप आनंदीबाई जोशी रोड पर अतिक्रमण कर बनाए गए अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल की सख्ती और जीडीए की दृढ़ता के चलते अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया में कोई बाधा नहीं आने दी गई। पुलिस ने विरोध कर रहे लोगों को लाठी फटकार कर मौके से खदेड़ दिया।

इससे पहले पिछले शुक्रवार को जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में भी लगभग साढ़े तीन किलोमीटर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया गया था। जीडीए ने स्पष्ट कर दिया है कि सड़क निर्माण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए क्षेत्र से हर प्रकार का अतिक्रमण हटाया जाएगा। जीडीए प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी ने चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। राजनगर एक्सटेंशन के लोगों ने जीडीए की इस कार्रवाई को यातायात सुधार की दिशा में बड़ा कदम बताया है।