-इंडिया एक्सपो मार्ट में आवेदकों के नाम की पर्ची निकालकर भूखंडों का आवंटन होगा
-200 वर्गमीटर के 276 भूखंड के लिए 54223 आवेदकों ने आवेदन किया है
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण की आवासीय योजना का ड्रा 11 जुलाई निकाला जाएगा। इस योजना में 54 हजार से अधिक आवेदकों की किस्मत का फैसला होगा। आवासीय भूखंड योजना की लॉटरी की तैयारी यमुना प्राधिकरण ने पूरी कर ली है। इंडिया एक्सपो मार्ट में आवेदकों के नाम की पर्ची निकालकर भूखंडों का आवंटन होगा। त्रुटि व शर्तों को पूरा न करने पर 66 आवेदन निरस्त किए गए हैं।
यमुना प्राधिकरण ने 21 अप्रैल को आवासीय भूखंड योजना निकाली थी। इस योजना में 200 वर्गमीटर के 276 भूखंड शामिल हैं। इसमें सामान्य वर्ग के लिए 214, किसान कोटे के लिए 48 व 14 भूखंड क्रियाशील औद्योगिक श्रेणी के लिए आरक्षित हैं। यीडा क्षेत्र में नोएडा एयरपोर्ट के नजदीक घर बनाने के लिए 54289 आवेदन मिले थे। यीडा ने आपत्ति दर्ज कराने के लिए आवेदकों को मौका दिया था। आवेदनों की जांच के बाद प्राधिकरण ने 66 आवेदनों को रद कर दिया। शेष 54223 आवेदकों की अंतिम सूची यीडा ने अपने पोर्टल पर अपलोड कर दी है। इन आवेदकों को 11 जुलाई को होने वाली लाटरी में शामिल होने का मौका मिलेगा। यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह कहना है कि लॉटरी प्रक्रिया इंडिया एक्सपो मार्ट में संपन्न कराई जाएगी। सेवानिवृत्त जजों की जूरी की निगरानी में लाटरी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। ड्रा का सोशल मीडिया के 11 प्लेटफार्म पर लाइव प्रसारण किया जाएगा।















