‘ग्रीनाथॉन’ से गूंजेगा गाजियाबाद: पर्यावरण संरक्षण के लिए जीडीए की ऐतिहासिक पहल

-रन फॉर ग्रीन गाजियाबाद मैराथन का 27 जुलाई को होगा आयोजन, हिंडन किनारे वृक्षारोपण के साथ दौड़ेगा शहर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रदेश सरकार की नीतियों को ज़मीन पर उतारने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) अब शहरवासियों को दौड़ के माध्यम से जागरूक करेगा। इस दिशा में एक अभिनव पहल करते हुए जीडीए द्वारा 27 जुलाई को ‘रन फॉर ग्रीन गाजियाबादÓ नामक एक भव्य मैराथन का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी थीम ‘ग्रीनाथॉन’ रखी गई है। आयोजन का उद्देश्य केवल दौड़ तक सीमित नहीं होगा, बल्कि इसका मुख्य फोकस वातावरणीय चेतना, हरियाली संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। मैराथन की शुरुआत सिटी फॉरेस्ट से होगी और प्रतिभागी हिंडन एलिवेटेड रोड से गुजरते हुए तय रूट पर दौड़ लगाएंगे। इसी दिन हिंडन नदी के किनारे वृक्षारोपण भी किया जाएगा, जिससे यह आयोजन केवल खेल ही नहीं, बल्कि धरती माता के प्रति समर्पण का उत्सव बन जाएगा।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि यह आयोजन 28 जुलाई को विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर को ध्यान में रखते हुए एक दिन पहले आयोजित किया जा रहा है, ताकि पूरे सप्ताह जागरूकता की लहर बनी रहे। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण और तेजी से कम होते हरित क्षेत्र एनसीआर की सबसे बड़ी चिंता बन चुके हैं। इस संकट से निपटने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी बेहद आवश्यक है। ‘ग्रीनाथॉनÓ इसी सोच का विस्तार है। हम चाहते हैं कि हर नागरिक न केवल शारीरिक रूप से फिट रहे बल्कि पर्यावरणीय जिम्मेदारी का वाहक भी बने। मैराथन में भाग लेने के लिए कोई आयु सीमा नहीं रखी गई है।

प्रतिभागियों को 4 श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है – 21.1 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 3 किलोमीटर। दौड़ में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को टी-शर्ट, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस आयोजन में आरडब्ल्यूए, स्कूल, कॉलेज, स्वयंसेवी संगठन और कॉरपोरेट्स को भी जोड़ा जाएगा, ताकि यह केवल एक खेल आयोजन न होकर पूरे गाजियाबाद की भागीदारी का प्रतीक बन सके। इस भव्य आयोजन की तैयारियां जीडीए अधिकारियों द्वारा तेजी से की जा रही हैं। उपाध्यक्ष अतुल वत्स के नेतृत्व में समन्वय बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। आयोजन न केवल फिटनेस और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देगा, बल्कि गाजियाबाद को एक हरित और जिम्मेदार शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

प्रोत्साहन के रूप में, नगद पुरस्कारों की भी घोषणा:
-21.1 किमी की श्रेणी में विजेताओं को 21,000, प्रथम रनर को 11,000 और द्वितीय रनर को 5,100।
-10 किमी में विजेता को 11,000, प्रथम रनर को 5,100 और द्वितीय को 3,100।
-5 किमी में विजेता को 5,100, प्रथम रनर को 3,100 और द्वितीय रनर को 2,100 दिए जाएंगे।