रंग लाई नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की मेहनत: 94 करोड़ की लागत से अर्थला में बनेगा गाजियाबाद नगर निगम का अत्याधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और हाईटेक मुख्यालय, शासन से मिली स्वीकृति

-21,000 वर्ग मीटर में बनेगा आधुनिक भवन, 2026 तक पूरा होगा निर्माण कार्य
-शहरवासियों के लिए होगा अत्याधुनिक और सुविधाजनक मुख्यालय

उदय भूमि
गाजियाबाद। शहर के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए गाजियाबाद नगर निगम को नया मुख्यालय मिलने जा रहा है। शासन द्वारा 94 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक मुख्यालय को मंजूरी मिल चुकी है। यह नया भवन अर्थला में 21,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनाया जाएगा, जिसमें दो बेसमेंट, एक ग्राउंड फ्लोर और पांच मंजिलें होंगी। नगर निगम के इस नए भवन का डिजाइन पूरी तरह से शहरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। नया नगर निगम मुख्यालय केवल कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी अत्यंत सुविधाजनक होगा। आधुनिक तकनीक से युक्त इस भवन में नागरिक सेवाओं को बेहतर और सुगम बनाने के लिए कई सुविधाएं होंगी। 5,655 वर्ग मीटर का पार्किंग एरिया भी निर्धारित किया गया है, जिससे आने वाले आगंतुकों को पार्किंग की परेशानी न हो।

इस नए मुख्यालय के निर्माण से गाजियाबाद नगर निगम अपने प्रशासनिक और नागरिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाएगा। यह परियोजना शहर की विकास योजनाओं को गति देने और नागरिक सुविधाओं में सुधार लाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त के कुशल नेतृत्व में नगर निगम लगातार प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। नए मुख्यालय के निर्माण से न केवल प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि नागरिकों को भी अधिक सुगम सेवाएं उपलब्ध होंगी।

नगर निगम की एक और बड़ी उपलब्धि
नगर निगम शहर के विकास को गति देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम ने कई योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया है और अब नए मुख्यालय का निर्माण भी इसी दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा। नगर निगम शहर के विकास को गति देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

नए मुख्यालय में क्या होगा खास
• 21,000 वर्ग मीटर में होगा निर्माण
• 94 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा आधुनिक भवन
• 2 बेसमेंट, 1 ग्राउंड फ्लोर और 5 मंजिलें होंगी
• 5,655 वर्ग मीटर का विशाल पार्किंग क्षेत्र
• आधुनिक तकनीक से युक्त सुविधाएं
• 2026 तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य

विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने इस परियोजना को गाजियाबाद के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, गाजियाबाद नगर निगम लगातार शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत है। हमारा उद्देश्य केवल बुनियादी ढांचे का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को सुविधाजनक, पारदर्शी और सुगम प्रशासनिक सेवाएं प्रदान करना भी है। नया मुख्यालय इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। यह भवन आधुनिक तकनीक से युक्त होगा और पूरी तरह से डिजिटल सेवाओं से लैस रहेगा, जिससे नगर निगम के कामकाज में अधिक पारदर्शिता और दक्षता आएगी। उन्होंने कहा, इस परियोजना को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए हमने पूरी तैयारी कर ली है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए योजना बनाई गई है। हमने निर्माण विभाग को निर्देशित कर दिया है कि कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाए और 2026 तक इसे पूरा कर लिया जाए। इस भवन में आने वाले नागरिकों और आगंतुकों के लिए हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विशाल पार्किंग क्षेत्र, बैठने की उचित व्यवस्था, डिजिटल सेवा केंद्र और अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं इसे एक आदर्श प्रशासनिक भवन बनाएंगी।