गाजियाबाद में ई-सम्मन मॉडल का प्रजेंटेशन, न्यायालय और पुलिस के समन्वय पर जोर

-जनवरी से जारी ई-सम्मन, शत-प्रतिशत तामीला के दिए गए निर्देश
-ई-सम्मन से बढ़ेगी पारदर्शिता और कार्यप्रणाली होगी मजबूत: नवीन अरोड़ा

उदय भूमि
गाजियाबाद। मध्य प्रदेश के ई-सम्मन मॉडल को लेकर गाजियाबाद में भी इसका सफल प्रजेंटेशन किया गया। गुरुवार को हरसांव पुलिस लाइन स्थित परमजीत हॉल में अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं) लखनऊ नवीन अरोड़ा ने तकनीकी टीम के साथ ई-सम्मन पोर्टल की समीक्षा बैठक की। इस बैठक में जनपद न्यायालय और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में ई-सम्मन पोर्टल की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। गाजियाबाद कमिश्नरेट में 24 जनवरी 2025 से सभी थानों में ई-सम्मन पोर्टल के माध्यम से कोर्ट से जारी सम्मन, वारंट एवं आदेशिकाओं की तामीला की जा रही है। यह सिस्टम न्यायालय के सीआईएस पोर्टल से एन-एसटीईपी के माध्यम से पुलिस के आईसीजेएस ई-सम्मन पोर्टल से जोड़ा गया है, जिससे न्यायालय और पुलिस के बीच समन्वय मजबूत हुआ है।

अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं) ने की समीक्षा बैठक
इस बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं) नवीन अरोड़ा ने डीसीपी सिटी राजेश कुमार, डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल, डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी, एडीसीपी क्राइम सच्चिदानंद, एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों के साथ ई-सम्मन पोर्टल की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की।

ई-सम्मन पोर्टल के सफल संचालन को लेकर दिए गए निर्देश
शत-प्रतिशत तामीला सुनिश्चित करने के लिए ई-सम्मन मोबाइल ऐप का उपयोग बढ़ाया जाए। न्यायालय और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित कर सभी सम्मन, वारंट और नोटिस का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए। तकनीकी समस्याओं को समयबद्ध तरीके से हल करने के लिए मुख्यालय को सूचित किया जाए। बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त (क्राइम) एवं नोडल अधिकारी ई-सम्मन पोर्टल सच्चिदानंद ने कमिश्नरेट गाजियाबाद में ई-सम्मन की तामीला में आ रही समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि न्यायालय और पुलिस के बीच ई-सम्मन पोर्टल के माध्यम से त्वरित और पारदर्शी सूचना आदान-प्रदान से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।

तकनीकी टीम ने दिए समाधान के सुझाव
बैठक में जनपद न्यायालय की तकनीकी टीम ने भी न्यायालय और पुलिस के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत करने पर सुझाव दिए। तकनीकी टीम ने बताया कि ई-सम्मन, वारंट और नोटिस को न्यायालय के सीआईएस पोर्टल से पुलिस के आईसीजेएस ई-सम्मन पोर्टल पर भेजा जाता है, जिससे सूचना त्वरित तरीके से पुलिस तक पहुंचती है।

ई-सम्मन पायलट प्रोजेक्ट को सफल बनाने का निर्देश
अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोड़ा ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि कमिश्नरेट गाजियाबाद में शत-प्रतिशत तामीला सुनिश्चित की जाए और ई-सम्मन मोबाइल एप का अधिकतम उपयोग किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि यदि कोई भी तकनीकी समस्या आती है, तो उसे समयबद्ध तरीके से हल करने के लिए मुख्यालय को सूचित किया जाए।

गाजियाबाद में ई-सम्मन पायलट प्रोजेक्ट को सफल बनाने की तैयारी
गाजियाबाद में ई-सम्मन पायलट प्रोजेक्ट को पूरी तरह से डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। इस प्रणाली से न्यायालय और पुलिस प्रशासन के बीच संपर्क मजबूत होगा, जिससे न्यायिक आदेशों के पालन में तेजी आएगी और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा किया जा सकेगा।