-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने किया स्थल निरीक्षण, कचरा निस्तारण को और प्रभावी बनाने के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में गाजियाबाद नगर निगम लगातार ठोस कदम उठा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मसूरी क्षेत्र स्थित ढबारसी कूड़ा प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने न केवल प्रोसेसिंग व्यवस्था का जायजा लिया, बल्कि वहां तक पहुंचने वाले मार्ग के विकास की भी घोषणा की। नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि ढबारसी में कूड़ा प्रोसेसिंग यूनिट तक करीब 2.50 करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा, जिससे न केवल निगम के भारी वाहनों को आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि आसपास के ग्रामीणों को भी आवागमन का बेहतर मार्ग मिलेगा।
ढबारसी कूड़ा प्रोसेसिंग यूनिट पर प्रतिदिन करीब 900 से 1000 मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण किया जा रहा है। इस कार्य को और अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आधुनिक उपकरणों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कूड़ा प्रोसेसिंग का कार्य कर रही एजेंसी श्रीजी कॉल कंपनी के ठेकेदार शुभम गोयल को विशेष रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि मशीनों की संख्या और क्षमता दोनों में वृद्धि की जाए ताकि निस्तारण की रफ्तार और बेहतर हो सके। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी सहित निगम की तकनीकी टीम मौजूद रही। नगर आयुक्त ने इस अवसर पर कहा कि ढबारसी में सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली, लेकिन इसमें और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त न करने के निर्देश दिए। ढबारसी कूड़ा प्रोसेसिंग यूनिट तक सीसी रोड निर्माण की प्रक्रिया के तहत पहले से मार्ग की पैमाइश पूरी कर ली गई है, और अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
नगर आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम की प्राथमिकता केवल कूड़े के निस्तारण तक सीमित नहीं है, बल्कि वह उस पूरे सिस्टम को दुरुस्त करने में जुटा है जिससे शहर को वास्तव में स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सके। यह पहल गाजियाबाद को स्वच्छता की नई ऊंचाइयों की ओर ले जाने का संकेत है, जहां न केवल कचरे का वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण होगा, बल्कि ढांचागत सुविधाओं को भी मजबूत किया जाएगा। सीसी रोड का निर्माण इस दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की सख्त कार्यशैली और विजन के चलते नगर निगम अब सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर स्वच्छता के प्रतिमान स्थापित कर रहा है। इस तरह के प्रयास निश्चित रूप से गाजियाबाद को ‘क्लीन सिटी’ की सूची में अग्रणी स्थान दिलाने में सहायक बनेंगे।
















